April 19, 2026

कासगंज में मंगेतर के सामने युवती से गैंगरेप, वीडियो बनाकर 5 हजार लेकर छोड़ा, 8 आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कासगंज से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नहर किनारे अपने मंगेतर के साथ बैठी युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोपियों ने पीड़िता के मंगेतर के साथ मारपीट की और उसके सामने ही युवती से गैंगरेप किया। इतना ही नहीं, उन्होंने इस घिनौनी हरकत का वीडियो भी बनाया और उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने मौके पर ही पीड़िता से 50 हजार रुपये की मांग की, लेकिन अंततः 5 हजार रुपये यूपीआई से मंगवाकर उसे छोड़ा।

घटना उस समय हुई जब पीड़िता अपने मंगेतर के साथ डीएसओ ऑफिस से राशन कार्ड ठीक कराने के बाद लौट रही थी। दोनों सदर कोतवाली क्षेत्र के झार के पुल हजारा नहर के पास धूप से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे बैठ गए थे, तभी 10 लोगों का एक गिरोह वहां पहुंचा और उन्हें घेर लिया। पहले मंगेतर के साथ मारपीट कर पैसे छीने गए, फिर उसके सामने ही युवती के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया। घटना के बाद पीड़िता गुमसुम रहने लगी। जब परिजनों ने कारण पूछा, तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने जांच तेज की और आरोपियों की पहचान की। 13 अप्रैल की सुबह तक पुलिस ने 5 आरोपियों को हिरासत में ले लिया था और शाम तक यह संख्या बढ़कर 8 हो गई। सभी गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि 2 फरार आरोपियों की तलाश अब भी जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बचे हुए आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!