कानपुर में सर्राफा कारोबारी से 50 लाख की रंगदारी, बाइक सवार बदमाशों ने घर के बाहर की फायरिंग
कानपुर के गोविंद नगर में उस वक्त दहशत का माहौल बन गया जब एक सर्राफा कारोबारी अनिल गुप्ता उर्फ गुड्डू के घर के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गुड्डू से पहले ही फोन पर 50 लाख की रंगदारी मांगी गई थी और धमकी दी गई थी कि अगर रकम नहीं दी गई तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। हमले में गुड्डू बाल-बाल बच गए, लेकिन गोली उनके घर के गेट पर जा लगी। घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और अब तक की जांच में सामने आया है कि अनजान नंबर से आई कॉल की लोकेशन उन्नाव में ट्रेस हुई है। पुलिस ने कॉल और फायरिंग की शिकायत दर्ज कर ली है और डीसीपी साउथ दीपेन नाथ चौधरी ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है। फायरिंग करने वाले बाइक सवारों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है।
बताया गया है कि गुड्डू कानपुर के बिल्हौर में ‘सेठ राम कुमार गुप्ता ज्वेलर्स’ नाम से दुकान चलाते हैं। घटना के बाद से उनका परिवार बुरी तरह डरा हुआ है। एक के बाद एक तीन बार कॉल आने के बाद व्यापारी के परिजन भी मानसिक तनाव में हैं। उधर सर्राफा व्यापारी समुदाय ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है और कहा है कि अगर जल्द खुलासा नहीं हुआ तो वे पुलिस कमिश्नर से मिलकर ज्ञापन सौंपेंगे।
Share this content:
