May 5, 2026

कमला हैरिस ने किया गवर्नर पद से किनारा, 2028 में राष्ट्रपति चुनाव की अटकलें तेज

अमेरिका की पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने आधिकारिक तौर पर यह ऐलान किया है कि वह 2026 में कैलिफोर्निया के गवर्नर पद के लिए चुनाव नहीं लड़ेंगी। उन्होंने यह जानकारी बुधवार को सोशल मीडिया पर एक विस्तृत बयान जारी करते हुए दी। हैरिस के इस फैसले के बाद अब कयास लगाए जा रहे हैं कि वे 2028 में एक बार फिर से राष्ट्रपति पद की दावेदार हो सकती हैं।

 

अपने बयान में हैरिस ने कहा कि उन्होंने हाल के महीनों में गंभीर आत्ममंथन किया और तय किया कि अब उनका नेतृत्व निर्वाचित पद पर नहीं बल्कि दूसरी दिशा में होगा। उन्होंने कहा कि वह राजनीति को भीतर से सुधारने में विश्वास रखती हैं और आगे भी देश और लोगों के हित में जनसेवा करती रहेंगी। हालांकि, उन्होंने अभी यह स्पष्ट नहीं किया कि वे राष्ट्रपति चुनाव लड़ेंगी या नहीं, लेकिन अपने इरादों को लेकर संकेत जरूर दिया।

 

कमला हैरिस ने अपने बयान में इस बात पर जोर दिया कि अमेरिका की मौजूदा राजनीति और संस्थाएं जनता को बार-बार निराश कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आगे बढ़ने के लिए जरूरी है कि हम नई सोच और रणनीतियों के साथ काम करें, ताकि लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा की जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले महीनों में वह अपनी भविष्य की योजनाओं को साझा करेंगी।

 

हैरिस अमेरिका की पहली अश्वेत और दक्षिण एशियाई मूल की उपराष्ट्रपति रही हैं। इससे पहले वह कैलिफोर्निया की अटॉर्नी जनरल और सैन फ्रांसिस्को की डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी भी रह चुकी हैं। उन्होंने दो बार राष्ट्रपति पद की दौड़ में भाग लिया, लेकिन दोनों बार असफल रहीं। अब एक बार फिर उनके राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय होने की संभावनाएं चर्चा में हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!