जम्मू-कश्मीर: दिल्ली ब्लास्ट की जांच में बड़ा एक्शन, आतंकी डॉ. उमर का घर ध्वस्त

दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पुलवामा निवासी आतंकी डॉ. उमर मोहम्मद के घर को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। जांच एजेंसियों का कहना है कि उमर ही इस हमले का मुख्य मास्टरमाइंड था। सोमवार शाम हुए इस धमाके में 13 लोगों की मौत हुई थी और उमर भी इसमें मारा गया था।

जांच टीमों ने खुलासा किया कि उमर और उसके साथी पिछले दो वर्षों से इस हमले की साजिश रच रहे थे। धमाके के बाद राष्ट्रीय एजेंसियों ने देशभर में छापेमारियां कीं, जिनमें कई अहम सुराग हाथ लगे। पुलिस ने उमर की मां और भाई को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पूछताछ में परिवार ने बताया कि उमर धीरे-धीरे कट्टरपंथ की ओर झुक गया था और लंबे समय तक घरवालों से संपर्क भी नहीं रखता था। धमाके से पहले उसने परिवार को कॉल न करने की चेतावनी तक दी थी।

पुलवामा निवासी उमर पेशे से डॉक्टर था, लेकिन वह जैश-ए-मोहम्मद के सक्रिय मॉड्यूल से जुड़ गया था। इससे पहले उसकी गैंग के कई सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़ चुके थे, जिनके पास से 2900 किलो विस्फोटक बरामद किया गया था। यह बरामदगी इस बात का संकेत है कि गिरोह की योजना बहुत बड़े स्तर पर हमले करने की थी और दिल्ली ब्लास्ट उसी साजिश का हिस्सा माना जा रहा है।

धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियां लगातार उमर के साथियों से पूछताछ कर रही हैं। जांच का फोकस इस बात पर है कि आखिर इस मॉड्यूल का नेटवर्क कितना बड़ा था और देश में किन-किन जगहों पर हमला करने की योजना बनाई गई थी। जांच में नए खुलासों की उम्मीद की जा रही है, जो इस आतंकी नेटवर्क के और गहरे कनेक्शन सामने ला सकते हैं।

Share this content:

About The Author

You may have missed