इंस्टाग्राम पर मारपीट के वीडियो वायरल कर शहर में खौफ फैलाने की कोशिश, पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी
मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में इन दिनों एक लेडी गैंग का आतंक फैला हुआ था, जिसने पूरे शहर में सनसनी मचा दी है। 15 से 25 साल की उम्र वाली इस गैंग की युवतियां सोशल मीडिया पर फेमस होने की चाह में अपराध की राह पर उतर आईं। आरोप है कि ये लड़कियां अन्य युवतियों को चाकू की नोक पर अगवा करती थीं और सुनसान जगह ले जाकर बेरहमी से पिटाई करती थीं। फिर उस मारपीट के वीडियो रिकॉर्ड कर इंस्टाग्राम पर पोस्ट करती थीं, ताकि शहरभर में डर का माहौल बन सके और उनके वीडियो वायरल हों।
पुलिस के मुताबिक हाल ही में एक पीड़ित लड़की ने हिम्मत जुटाकर ग्वारीघाट थाने में FIR दर्ज कराई। शिकायत में उसने बताया कि लेडी गैंग ने उसे रास्ते में रोककर धमकाया, फिर जबरन अपने साथ ले गई और उसकी पिटाई कर वीडियो बनाया। यही वीडियो बाद में इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ। शिकायत मिलने के बाद जब पुलिस ने जांच शुरू की तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। गैंग “Suman Saket 358”, “Killer Queen 1111” जैसी इंस्टाग्राम ID से वीडियो अपलोड करती थी और “Only 307”, “Last Round” जैसे कैप्शन डालकर पुलिस को खुलेआम चुनौती देती थी।
ग्वारीघाट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंग से जुड़ी तीन युवतियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो नाबालिग हैं, जिन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। वहीं, एक युवती को जेल भेजा गया है। पूछताछ में युवतियों ने बताया कि उनका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया पर व्यूज़ और फॉलोअर्स पाने की चाह में उन्होंने यह खतरनाक रास्ता चुना। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गैंग में सिर्फ तीन नहीं बल्कि और भी सदस्य शामिल हो सकते हैं। कई पीड़ित डर के कारण अब तक सामने नहीं आए हैं।
पुलिस अब गैंग की बाकी सदस्यों की पहचान कर रही है और सोशल मीडिया से डिजिटल सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं। अधिकारी इसे सिर्फ अपराध नहीं, बल्कि समाज के लिए चेतावनी मान रहे हैं। उनका कहना है कि सोशल मीडिया की गलत दौड़ और गलत आदतें आज युवाओं को अपराध में धकेल रही हैं।
इस घटना ने जबलपुर शहर में भय और हैरानी दोनों का माहौल बना दिया है। सवाल उठ रहा है कि क्या सोशल मीडिया की लोकप्रियता अब अपराध का नया रास्ता बन रही है? पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई और पीड़िता सामने आना चाहे तो बिना डर शिकायत दर्ज कराए। जांच जारी है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश होगा।
Share this content:
