जापान को पीछे छोड़ भारत बना दुनिया की चौथी सबसे बड़ी इकोनॉमी, 30 महीने में यहां होगा देश
नीति आयोग के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने बताया है कि भारत ने जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की 10वीं बैठक के बाद उन्होंने कहा कि वैश्विक और आर्थिक माहौल भारत के पक्ष में है, जो विकास के लिए अनुकूल स्थिति पैदा कर रहा है।
सूब्रह्मण्यम ने कहा कि वर्तमान में भारत की अर्थव्यवस्था लगभग 4,000 अरब डॉलर की है और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के आंकड़ों के अनुसार भारत ने जापान को आर्थिक ताकत में पछाड़ दिया है। अब भारत केवल अमेरिका, चीन और जर्मनी से पीछे है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भारत अपनी योजनाओं और विकास की दिशा पर कायम रहता है, तो अगले 30 से 36 महीनों में यानी साल 2027-28 तक भारत जर्मनी को पीछे छोड़कर तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
इस नए आर्थिक स्तर पर भारत की अर्थव्यवस्था 5 ट्रिलियन डॉलर से ऊपर पहुंचने का अनुमान है, जो देश के आर्थिक इतिहास में एक बड़ा मुकाम होगा। इस वृद्धि के साथ भारत विश्व की प्रमुख आर्थिक ताकतों में से एक बन जाएगा।
एक सवाल के जवाब में, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका में बिकने वाले एप्पल आईफोन का उत्पादन अमेरिका में ही होगा, सुब्रह्मण्यम ने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग के लिए भारत सस्ती और आकर्षक जगह बनेगा। इसके अलावा उन्होंने बताया कि संपत्तियों को बाजार में लाने का दूसरा चरण तैयार हो रहा है, जिसकी घोषणा अगस्त में की जाएगी।
यह सब संकेत करता है कि भारत अपनी आर्थिक ताकत को तेजी से बढ़ा रहा है और विश्व स्तर पर उसकी भूमिका और महत्व बढ़ रहा है। आने वाले कुछ वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था नई ऊंचाइयों को छूने के लिए पूरी तरह तैयार है।
Share this content:
