जयपुर होते हुए दौड़ेगी अहमदाबाद-दिल्ली बुलेट ट्रेन, राजस्थान को मिलेंगे 7 स्टेशन
देश की पहली अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन के बाद अब केंद्र सरकार दिल्ली से अहमदाबाद तक नई बुलेट ट्रेन परियोजना पर तेजी से काम कर रही है। खास बात यह है कि इस रूट में राजस्थान को भी बड़ी हिस्सेदारी मिलने जा रही है, क्योंकि प्रस्तावित रूट जयपुर सहित राज्य के कई जिलों से होकर गुजरेगा। इस पूरे रूट पर कुल 13 प्रस्तावित स्टेशन रखे गए हैं, जिनमें राजस्थान के 7 स्टेशन शामिल हैं।
बुलेट ट्रेन की प्रस्तावित रफ्तार 300 से 350 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। यह ट्रेन गुजरात के अहमदाबाद से चलकर जयपुर होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। परियोजना की कुल लंबाई लगभग 886 किलोमीटर तय की गई है। इस पूरे कॉरिडोर का सर्वे वर्ष 2020 में शुरू किया गया था, जिसे अब पूरा कर केंद्र सरकार को रिपोर्ट सौंप दी गई है। परियोजना की व्यवहार्यता रिपोर्ट और स्टेशन लोकेशन को भी अंतिम रूप दिया जा चुका है।
अब जमीन पर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लागू करने की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। बुलेट ट्रेन के इस रूट से राजस्थान, हरियाणा और गुजरात को जोड़ते हुए दिल्ली तक तेज और आधुनिक रेल सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह बुलेट ट्रेन न सिर्फ यात्री यात्रा के समय को घटाएगी बल्कि दिल्ली-जयपुर-अहमदाबाद के आर्थिक और पर्यटन संबंधों को भी मजबूती देगी। राजस्थान के लोगों के लिए यह पहली बार होगा जब वे अपने राज्य से बुलेट ट्रेन में सफर कर सकेंगे।
Share this content:
