जयदेव उनादकट ने आईपीएल में हासिल किया ये मुकाम, कोई गेंदबाज नहीं बनाना चाहेगा ऐसा रिकॉर्ड
आईपीएल 2025 के 41वें मैच में मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हराया। इस मैच के दौरान, हैदराबाद के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने एक अहम उपलब्धि हासिल की। उन्होंने रेयान रिकल्टन का विकेट लेकर अपने आईपीएल करियर का 100वां विकेट पूरा किया। हालांकि, इस रिकॉर्ड के साथ वह एक ऐसा शर्मनाक कीर्तिमान भी बना गए, जिसे शायद ही कोई गेंदबाज अपने नाम करना चाहेगा। वह आईपीएल में 100 विकेट पूरे करने के लिए सबसे ज्यादा पारियां लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
जयदेव उनादकट ने आईपीएल में 100 विकेट लेने के लिए कुल 107 मैचों की 106 पारियां खेलीं। इससे पहले यह रिकॉर्ड तेज गेंदबाज विनय कुमार के नाम था, जिन्होंने 101 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। इसके अलावा, आंद्रे रसेल ने 100 पारियों में 100 विकेट पूरे किए थे। उमेश यादव ने 99 और जहीर खान ने 98 पारियों में यह मील का पत्थर हासिल किया था। इस प्रकार, जयदेव उनादकट ने सबसे ज्यादा पारियों में 100 विकेट लेने का रिकॉर्ड बना दिया है।
जयदेव उनादकट का आईपीएल करियर भी अब तक काफी दिलचस्प रहा है। वह अब तक 8 आईपीएल टीमों के लिए खेल चुके हैं और 107 मैचों में 32.30 की औसत और 8.96 की इकॉनमी रेट से 100 विकेट ले चुके हैं। हालांकि, आईपीएल 2025 सीजन में उन्हें अब तक ज्यादा मौके नहीं मिले हैं। इस सीजन में उन्होंने केवल दो मैच खेले हैं और अब तक केवल 1 विकेट ही लिया है। अगर उन्हें आने वाले मैचों में और मौका मिलता है, तो वह अपनी गेंदबाजी से टीम को जीत दिलाने की कोशिश करेंगे।
आईपीएल 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन भी अब तक अपेक्षाकृत अच्छा नहीं रहा है। टीम ने 8 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से केवल 2 में ही उन्हें जीत मिली है, जबकि 6 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। इस समय, हैदराबाद की टीम 4 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में 9वें नंबर पर है। अब उनके लिए प्लेऑफ में पहुंचने का रास्ता बेहद कठिन हो गया है। टीम को अगर प्लेऑफ में पहुंचना है, तो उन्हें अपने अगले सभी 6 मैचों में जीत हासिल करनी होगी, जो उनके लिए एक बड़ा चुनौती होगी।
Share this content:
