May 5, 2026

ईरान-इजरायल युद्ध: जांजन शहर पर इजरायली हमलों से मची तबाही, आग-धुएं का वीडियो आया सामने

इजरायल ने ईरान के जांजन शहर में एक सैन्य अड्डे को निशाना बनाकर भीषण बमबारी की, जिसके बाद पूरे इलाके में आग और धुएं का गुबार उठता दिखा। यह हमला राजधानी तेहरान से लगभग 325 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित जांजन में किया गया। ब्रिटेन स्थित ईरान इंटरनेशनल आउटलेट के मुताबिक, इस हमले में जांजन का सैन्य बेस पूरी तरह तबाह हो गया है और इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दूर-दूर तक धुएं के बादल देखे जा सकते हैं।

 

इस हमले के जवाब में ईरान ने भी इजरायल पर बैलिस्टिक मिसाइलों से पलटवार किया। ईरानी मिसाइल हमलों में इजरायली शहर तेल अवीव को बड़ा नुकसान पहुंचा है, जहां कई इमारतें ध्वस्त हो गईं। इस संघर्ष के बीच इजरायल ने ‘ऑपरेशन राइजिंग लायन’ नाम से एक बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया है, जिसके तहत उसने ईरान के परमाणु संयंत्रों, मिसाइल अड्डों और कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को निशाना बनाया है।

 

इस पूरे घटनाक्रम के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरानी जनता को संबोधित करते हुए कहा कि इजरायल की लड़ाई ईरानी शासन से है, न कि वहां की आम जनता से। उन्होंने फारसी में संदेश देते हुए कहा कि यह लड़ाई अंधकार पर प्रकाश की जीत के लिए है और ईरानी लोगों को आज़ादी दिलाने के उद्देश्य से की जा रही है।

 

ईरान और इजरायल के बीच यह संघर्ष अब खुली जंग में बदल चुका है, जिससे पूरे पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर पहुंच गया है।

 

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!