April 30, 2026

IPL 2026 से पहले RCB को राहत, चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच कराने को कर्नाटक सरकार की हरी झंडी

अईपीएल 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से इस बात को लेकर असमंजस बना हुआ था कि RCB आगामी सीजन में अपने पारंपरिक घरेलू मैदान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी या नहीं। अब कर्नाटक सरकार ने इस पर फैसला सुनाते हुए कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) को चिन्नास्वामी स्टेडियम में इंटरनेशनल क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग के मैच आयोजित करने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है।

KSCA की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि यह अनुमति सरकार और संबंधित एजेंसियों द्वारा तय की गई शर्तों और नियमों के अधीन होगी। एसोसिएशन ने भरोसा दिलाया है कि सभी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। KSCA पहले ही एक्सपर्ट रिव्यू कमिटी के सामने एक विस्तृत अनुपालन रोडमैप पेश कर चुकी है, जिसमें सुरक्षा, संरक्षा और भीड़ प्रबंधन से जुड़े उपाय शामिल हैं। एसोसिएशन का कहना है कि स्टेडियम में भविष्य में किसी भी तरह की चूक न हो, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।

दरअसल, एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम पर लगी रोक की वजह पिछले साल हुई एक दुखद घटना थी। आईपीएल 2025 में RCB ने पहली बार खिताब जीतकर इतिहास रचा था। 4 जून 2025 को इस ऐतिहासिक जीत के जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर लाखों की संख्या में फैंस जमा हो गए थे। खिलाड़ियों और ट्रॉफी की एक झलक पाने के लिए उमड़ी भीड़ को संभालने में मैनेजमेंट से बड़ी चूक हुई, जिससे भगदड़ मच गई। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई थी और दर्जनों लोग घायल हुए थे। इसके बाद सरकार ने सुरक्षा कारणों से स्टेडियम में बड़े आयोजनों पर रोक लगा दी थी।

इस घटना का असर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर भी पड़ा। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए मेजबानी का मौका नहीं मिला और टूर्नामेंट का शेड्यूल पहले ही तय कर दिया गया। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय मैचों की वापसी के लिए बेंगलुरु के क्रिकेट प्रेमियों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि, आईपीएल 2026 के लिए स्टेडियम को मंजूरी मिलना RCB और उसके फैंस के लिए किसी बड़ी खुशखबरी से कम नहीं है।

अब अगर सभी शर्तों का पालन तय समय पर पूरा हो जाता है, तो RCB अपने खिताब बचाव अभियान की शुरुआत एक बार फिर अपने घरेलू मैदान से कर सकती है। चिन्नास्वामी स्टेडियम में RCB का रिकॉर्ड और वहां का जोशीला माहौल टीम की पहचान रहा है। ऐसे में कर्नाटक सरकार का यह फैसला न सिर्फ फ्रेंचाइजी के लिए, बल्कि बेंगलुरु के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए भी राहत और उत्साह का कारण माना जा रहा है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!