May 2, 2026

आईपीएल 2008: हरभजन सिंह और श्रीसंत का थप्पड़ कांड, 17 साल बाद सामने आया वीडियो

साल 2008 का पहला आईपीएल सीजन भारतीय क्रिकेट ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए ऐतिहासिक था। लेकिन इसी सीजन में एक ऐसा विवाद हुआ, जिसकी गूंज सालों तक सुनाई देती रही। मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच हुए मैच के बाद भारत के दो खिलाड़ी हरभजन सिंह और एस. श्रीसंत आपस में भिड़ गए थे। उसी दौरान हरभजन ने श्रीसंत को थप्पड़ मार दिया था। उस वक्त यह घटना मीडिया की सुर्खियों में रही, लेकिन इसका वीडियो कभी सामने नहीं आया। अब करीब 17 साल बाद यह वीडियो आखिरकार जारी कर दिया गया है।

यह वीडियो पूर्व आईपीएल चेयरमैन ललित मोदी ने जारी किया है। मोदी ने बताया कि उस मैच के दौरान टीवी कैमरे बंद हो चुके थे, लेकिन उनके निजी सुरक्षा कैमरे ने यह पूरा वाकया रिकॉर्ड कर लिया था। वर्षों तक यह फुटेज छिपा रहा, लेकिन अब उन्होंने इसे सार्वजनिक कर दिया है। मोदी ने यह वीडियो ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क के साथ किए गए पॉडकास्ट “Beyond23 Cricket Podcast” के दौरान साझा किया। इसके सामने आते ही यह सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो गया है और फैंस फिर से इस घटना को लेकर चर्चा करने लगे हैं।

गौरतलब है कि इस विवाद को बाद में “स्लैपगेट” नाम दिया गया था। हरभजन सिंह इस घटना को लेकर पहले ही खेद जता चुके हैं। उन्होंने स्वीकार किया था कि वह पल उनके करियर का सबसे बुरा लम्हा था और काश ऐसा कभी न हुआ होता। वहीं, श्रीसंत भी इस घटना के बाद लंबे समय तक चर्चा में रहे थे। अब जब 17 साल पुराना यह वीडियो सामने आया है, तो क्रिकेट जगत में एक बार फिर पुरानी यादें ताज़ा हो गई हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!