आईपीएल से बीसीसीआई की बंपर कमाई: हर मैच से 150 से 200 करोड़ रुपये की होती है आमदनी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि एक बड़ी कमाई का जरिया बन चुका है। बीसीसीआई की आय के मुख्य स्रोत मीडिया राइट्स, स्पॉन्सरशिप, फ्रैंचाइजी फीस और टिकट बिक्री जैसे विभिन्न माध्यम हैं। आईपीएल 2023 से 2027 तक के मीडिया राइट्स की डील कुल 48,390 करोड़ रुपये में हुई थी। इसमें से 23,575 करोड़ रुपये के टेलीविजन प्रसारण अधिकार डिज़्नी स्टार के पास हैं, जबकि डिजिटल स्ट्रीमिंग राइट्स जियो सिनेमा ने 23,758 करोड़ रुपये में खरीदे थे। अब इन दोनों कंपनियों का मर्जर हो चुका है, जिससे बीसीसीआई को और भी स्थिर और मजबूत राजस्व मिलने की संभावना है।
बीसीसीआई ने इस अवधि में कुल 410 आईपीएल मैचों के आयोजन की योजना बनाई है, यानी हर मैच पर भारी भरकम रेवेन्यू का अनुमान है। सिर्फ मीडिया राइट्स से ही बीसीसीआई को प्रति मैच औसतन 118 करोड़ रुपये की आमदनी हो रही है। इसके अलावा, टाइटल स्पॉन्सर टाटा ग्रुप से पांच साल के लिए 2500 करोड़ रुपये मिल रहे हैं, जबकि अन्य स्पॉन्सर्स से भी बोर्ड को 1485 करोड़ रुपये की कमाई हो रही है। आईपीएल के दौरान टिकट बिक्री से भी बीसीसीआई को अच्छी खासी रकम प्राप्त होती है, जो दर्शकों की भारी भागीदारी और स्टेडियम की फुल कैपेसिटी की वजह से संभव हो पाती है।
साल 2023 में बीसीसीआई ने कुल 11,769 करोड़ रुपये का रिवेन्यू जनरेट किया था, जिसमें से 5120 करोड़ रुपये सरप्लस यानी मुनाफा था। ये आंकड़े इस बात का संकेत हैं कि बीसीसीआई का वित्तीय मॉडल बेहद मजबूत है और आईपीएल इसमें एक बड़ी भूमिका निभा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर मीडिया राइट्स, स्पॉन्सरशिप, टिकट सेल्स और अन्य सभी स्रोतों को मिलाकर देखा जाए, तो बीसीसीआई हर आईपीएल मैच से करीब 150 से 200 करोड़ रुपये की कमाई कर रहा है। यही वजह है कि आईपीएल आज न केवल भारत बल्कि दुनिया की सबसे मुनाफेदार खेल लीगों में गिनी जाती है।
Share this content:
