IPL से बाहर, अब पृथ्वी शॉ की वापसी T20 मुंबई लीग में; 20 लाख की कीमत और फॉर्म साबित करने का मौका
IPL 2025 में पृथ्वी शॉ की अनुपस्थिति को लेकर भले ही चर्चाएं चल रही हों, लेकिन क्रिकेट फैंस के लिए राहत की खबर है कि वह जल्द ही एक नई टी20 लीग में अपने बल्ले का दम दिखाते नजर आएंगे। भारत-पाकिस्तान तनाव के कारण IPL पर ब्रेक लगने के बाद अब पृथ्वी शॉ T20 मुंबई लीग में नॉर्थ मुंबई पैथर्स की ओर से मैदान में उतरेंगे। इस लीग की शुरुआत 26 मई से होगी और यह 8 जून तक चलेगी। कुल 14 दिन तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में आठ टीमें हिस्सा लेंगी।
पृथ्वी शॉ इस लीग में नॉर्थ मुंबई पैथर्स के आइकॉन प्लेयर हैं, जिन्हें 20 लाख रुपये में टीम ने खरीदा है। शॉ की वापसी इस मंच पर काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि यह उनके लिए अपने आलोचकों को जवाब देने और फॉर्म में लौटने का बेहतरीन अवसर है। IPL में न दिखने के कारण जो सवाल खड़े हुए थे, अब पृथ्वी का बल्ला उन्हीं सवालों का जवाब बनेगा।
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस लीग में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण देखने को मिलेगा। हर टीम ने एक-एक आइकॉन प्लेयर चुना है, जिससे मुकाबले और दिलचस्प हो गए हैं। T20 मुंबई लीग का मंच न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को उभारने का मौका देगा, बल्कि ऐसे खिलाड़ियों के लिए भी जरूरी साबित होगा जो राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वापसी करना चाहते हैं।
इस बार की लीग में पृथ्वी शॉ पर सबकी निगाहें टिकी होंगी। जहां IPL में उनकी गैरमौजूदगी एक बड़ी चर्चा बनी, वहीं अब वह इस नई लीग के जरिए यह दिखाना चाहेंगे कि उनमें अभी भी वही आक्रामकता, आत्मविश्वास और रन बनाने का माद्दा बाकी है। ऐसे में फैंस को एक बार फिर उनके बल्ले से तूफानी पारियों की उम्मीद है और क्रिकेट प्रेमियों को एक दिलचस्प और रोमांचक लीग देखने को मिलेगी।
Share this content:
