इंटरनेशनल मैच में देसी जुगाड़: पिच सुखाने के लिए लगा दी आग
आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 में एक अनोखी और चौंकाने वाली घटना देखने को मिली। किंग सिटी (NW) के मेपल लीफ नॉर्थ-वेस्ट ग्राउंड पर नामीबिया और स्कॉटलैंड के बीच खेले जाने वाले मैच के दौरान बारिश की वजह से मैदान पूरी तरह गीला हो गया। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए काफी अहम था, क्योंकि यह 2027 वर्ल्ड कप की क्वालिफिकेशन प्रक्रिया का हिस्सा था। लेकिन खराब मौसम और गीली आउफिल्ड की वजह से खिलाड़ियों को लंबे इंतजार के बाद निराश होना पड़ा।
बारिश थमने के बाद भी आउफिल्ड पूरी तरह सूख नहीं पाई, जिससे खेल शुरू करना असंभव हो गया। ग्राउंड स्टाफ ने मैदान को खेल योग्य बनाने के लिए कई तरह के प्रयास किए, लेकिन जब सब कुछ बेकार गया तो उन्होंने एक अजीबो-गरीब जुगाड़ अपनाया। स्टाफ ने सीधे पिच पर ही आग लगा दी ताकि गीली सतह जल्दी सुख जाए। इस दौरान मैदान पर आग की लपटें और धुआं उठता देखा गया, जिसने वहां मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों को हैरान कर दिया। हालांकि, यह प्रयास भी बेकार साबित हुआ और अंततः मुकाबले को रद्द करना पड़ा।
क्रिकेट जगत में यह पहला मौका नहीं है जब मैदान सुखाने के लिए असामान्य तरीके अपनाए गए हों। कई बार घरेलू मैचों में पंखे, हेयर ड्रायर, स्टीम आयरन जैसे साधनों का उपयोग किया गया है। लेकिन किसी इंटरनेशनल मैच में पिच पर आग लगाना एक ऐसा कदम था, जिसने हर किसी को चर्चा का विषय दे दिया। सोशल मीडिया पर भी इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे लेकर मजाक भी बना रहे हैं।
अगर इस मैच के महत्व की बात करें तो नामीबिया और स्कॉटलैंड दोनों ही टीमें लीग 2 की पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति सुधारने की कोशिश कर रही थीं। स्कॉटलैंड ने अब तक 21 मैच खेले हैं, जिनमें से 11 जीते, 7 हारे और 3 मैच रद्द रहे हैं। वह फिलहाल तीसरे नंबर पर है। वहीं, नामीबिया की टीम 22 मैचों में 8 जीत और 13 हार के साथ छठे स्थान पर है। ऐसे में यह मुकाबला दोनों के लिए बेहद जरूरी था।
भले ही यह मैच नहीं हो सका, लेकिन पिच पर आग लगाने की यह घटना क्रिकेट इतिहास में लंबे समय तक याद रखी जाएगी। यह इस बात का उदाहरण भी है कि कभी-कभी खेल को बचाने के लिए ग्राउंड स्टाफ किस हद तक चले जाते हैं। हालांकि, सवाल यह भी है कि क्या इतने जोखिम भरे तरीके इंटरनेशनल स्तर पर सही ठहराए जा सकते हैं।
Share this content:
