स्मृति मंधाना ने इंटरनेशनल क्रिकेट में पूरे किए 9000 रन, ऐसा करने वाली बनीं दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना ने इंटरनेशनल क्रिकेट में एक और बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। इंग्लैंड के खिलाफ चल रही टी20 सीरीज के तीसरे मैच में उन्होंने 56 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट को मिलाकर 9000 रन पूरे कर लिए। इस तरह वह यह कारनामा करने वाली भारत की दूसरी और विश्व की पांचवीं महिला क्रिकेटर बन गई हैं।
स्मृति मंधाना से पहले यह उपलब्धि भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज के नाम रही है, जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 10868 रन बनाए थे। मंधाना अब तक टेस्ट में 987, वनडे में 4473 और टी20 में 3942 रन बना चुकी हैं, जिससे उनका कुल स्कोर 9044 रन तक पहुंच गया है।
9000 रन क्लब में स्मृति मंधाना के अलावा मिताली राज (भारत), सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड), चार्लोट एडवर्ड्स (इंग्लैंड) और स्टेफनी टेलर (वेस्टइंडीज) जैसी दिग्गज महिला क्रिकेटर्स शामिल हैं।
हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में उनकी अर्धशतकीय पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। भारत को 172 रनों का लक्ष्य मिला था, लेकिन मंधाना 56 रन बनाकर आउट हो गईं और अंततः टीम को 5 रन से हार का सामना करना पड़ा। बावजूद इसके, उनका यह व्यक्तिगत रिकॉर्ड भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व की बात है।
Share this content:
