इजराइल ने स्वीकार किया है कि पिछले महीने गाजा में 15 मेडिकल स्टाफ की मौत उसकी सैनिकों की गलती से हुई थी। इजराइल डिफेंस फोर्सेस (IDF) ने इस घटना को पेशेवर चूक बताया है और इसमें शामिल एक अधिकारी को बर्खास्त कर दिया गया है। यह घटना 23 मार्च को हुई थी जब इजराइली सैनिकों ने एम्बुलेंस, फायर ट्रक और संयुक्त राष्ट्र के वाहन पर गोलियां चलाई थीं, जिसमें 15 लोगों की जान गई थी। बाद में इजराइल ने दावा किया था कि मृतकों में से 6 हमास के सदस्य थे। हालांकि जांच रिपोर्ट में कहा गया कि सैनिकों ने किसी आचार संहिता का उल्लंघन नहीं किया है।
गाजा में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को इजराइली एयरस्ट्राइक में 90 लोगों की मौत हुई और सैकड़ों घायल हो गए। गाजा प्रशासन का दावा है कि पिछले 18 महीनों की लड़ाई में अब तक 61 हजार से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र ने चेतावनी दी है कि हजारों लोग भूख से मरने की कगार पर हैं। लगातार हमलों, नाकाबंदी और खाने की कमी के कारण लोग मानसिक तौर पर टूट चुके हैं और अपने बच्चों को भोजन देने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
वेस्ट बैंक के हेब्रोन में स्थित फव्वार रिफ्यूजी कैंप में इजरायली सैनिकों ने 8 फिलिस्तीनियों को गिरफ्तार किया और कई घरों पर छापेमारी कर संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया। दूसरी तरफ ग्लोबल हेरिटेज डे पर ह्यूमन राइट्स ग्रुप अल-हक ने आरोप लगाया कि इजराइली सेना कई सांस्कृतिक स्थलों को निशाना बना रही है। इनमें से कुछ को यूनेस्को ने वर्ल्ड हेरिटेज साइट के रूप में चिन्हित किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वेस्ट बैंक के उत्तरी बेथलहम में स्थित अल-मखरौर क्षेत्र, जिसे 2014 में यूनेस्को की सूची में जोड़ा गया था, उस पर भी इजराइली कब्जे का खतरा मंडरा रहा है।
इजराइली सेना ने गाजा के राफा शहर को गाजा पट्टी से अलग कर दिया है। इजराइल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने 12 अप्रैल को पुष्टि की कि IDF ने मोराग कॉरिडोर पर कब्जा कर लिया है, जिससे राफा का गाजा से संपर्क टूट गया है। उनका कहना है कि यह हमास को खत्म करने और बंधकों को छुड़ाने का आखिरी मौका है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो यह कार्रवाई गाजा के अन्य इलाकों में भी दोहराई जाएगी। राफा को अब इजराइली सिक्योरिटी जोन घोषित किया गया है, जिसका मतलब है कि इसे अब इजराइल राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नियंत्रित करेगा। इस ज़ोन में राफा क्रॉसिंग, फिलाडेल्फी कॉरिडोर, वेस्ट बैंक के हिस्से और गोलान हाइट्स जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इजराइली मंत्री ने यह भी कहा कि नेत्जारिम कॉरिडोर का भी विस्तार किया जाएगा, जिसे पहले युद्धविराम के दौरान छोड़ा गया था लेकिन अब दोबारा कब्जे में ले लिया गया है।
Share this content: