लखनऊ के मलिहाबाद/रहीमाबाद इलाके के तरौना गांव में रविवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां सात साल की मासूम अंशिका पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। इस दर्दनाक हमले में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
बताया जा रहा है कि अंशिका अचानक लापता हो गई थी, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद गांव से करीब 500 मीटर दूर एक खेत में बच्ची का शव बरामद हुआ। बच्ची के शरीर पर कुत्तों के हमले के गंभीर निशान पाए गए।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम छा गया और ग्रामीणों में भारी रोष देखने को मिला। लोगों ने इलाके में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है, लेकिन इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब इस घटना के बाद प्रशासन से तुरंत कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग तेज हो गई है।
Share this content: