इंग्लैंड में नहीं दिखेगा रुतुराज गायकवाड़ का जलवा, डेब्यू से पहले काउंटी लीग से हटे
भारतीय बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ अब काउंटी चैंपियनशिप 2025 के शेष सत्र में यॉर्कशायर की ओर से खेलते नजर नहीं आएंगे। क्लब ने 18 जुलाई को आधिकारिक रूप से यह जानकारी दी कि गायकवाड़ ने व्यक्तिगत कारणों से टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है। उनका 22 जुलाई को स्कारबोरो में मौजूदा चैंपियन सरे के खिलाफ पदार्पण होना था, लेकिन अब यह संभव नहीं होगा।
गायकवाड़ ने यॉर्कशायर के साथ 5 मैचों के लिए करार किया था, जिससे उनकी इंग्लैंड में पहली काउंटी पारी को लेकर काफी उत्सुकता थी। हालांकि अचानक उनके इस फैसले से क्लब के मैनेजमेंट और कोचिंग स्टाफ को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि इसकी जानकारी उन्हें भी हाल ही में मिली।
आईपीएल 2025 में रुतुराज गायकवाड़ ने सिर्फ 5 मुकाबले खेले थे, जिसके बाद कोहनी की चोट के चलते वह बाकी सीजन से बाहर हो गए थे। बाद में उन्होंने भारत ए टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर वापसी की थी, जिससे यॉर्कशायर के लिए खेलने की उम्मीदें बनी थीं।
यॉर्कशायर के हेड कोच एंथनी मैक्ग्रा ने इस फैसले पर निराशा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि रुतुराज अब हमारे साथ नहीं खेल पाएंगे। उन्होंने बताया कि क्लब को अभी-अभी इसकी जानकारी मिली है और इतने कम समय में रिप्लेसमेंट ढूंढना बड़ी चुनौती होगा। कोच ने यह भी स्पष्ट किया कि रुतुराज ने कारण साझा नहीं किए हैं, लेकिन क्लब को उम्मीद है कि वह निजी कारणों से जल्द उबरेंगे।
गायकवाड़ का फर्स्ट क्लास करियर अब तक काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 38 मैचों में 41.77 की औसत से 2632 रन बनाए हैं, जिसमें 7 शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं। उनकी बल्लेबाजी तकनीक और संयम उन्हें काउंटी क्रिकेट के लिए आदर्श बनाती है।
अब यॉर्कशायर को सरे के खिलाफ होने वाले अपने अहम मुकाबले से पहले नई रणनीति बनानी होगी। गायकवाड़ के हटने से टीम संयोजन पर असर पड़ा है और क्लब के सामने चुनौती है कि वह इतने कम समय में उपयुक्त विकल्प खोज सके।
Share this content:
