लखनऊ पुलिस ने बरामद किए 233 गुमशुदा मोबाइल, CEIR पोर्टल और तकनीकी सर्विलांस की मदद से मिली सफलता
लखनऊ। कमिश्नरेट लखनऊ की पश्चिमी जोन पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने CEIR पोर्टल और तकनीकी सर्विलांस की मदद से विभिन्न कंपनियों के 233 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 50 लाख 43 हजार 952 रुपये है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने बरामद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। इनमें लखनऊ के अलावा अन्य जनपदों और राज्यों से बरामद मोबाइल भी शामिल हैं।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चला अभियान
पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देश पर मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त धनंजय कुशवाहा के मार्गदर्शन में विशेष टीमें गठित की गईं। सहायक पुलिस आयुक्त कैसरबाग गौरव उपाध्याय के नेतृत्व में साइबर सेल, सर्विलांस सेल और थानों की साइबर हेल्प डेस्क टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
CEIR पोर्टल से मिली कामयाबी
पुलिस टीमों ने CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और जनशिकायत प्रकोष्ठ में मिले प्रार्थना पत्रों के आधार पर तकनीकी जांच शुरू की। लगातार सर्विलांस और आपसी समन्वय के जरिए 233 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द कर दिए।
मोबाइल गुम होने पर ऐसे दर्ज कराएं शिकायत
लखनऊ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर घबराएं नहीं और निर्धारित प्रक्रिया अपनाएं।
सबसे पहले गुम हुए मोबाइल नंबर का नया सिम प्राप्त करें।
प्ले स्टोर से UPCOP ऐप डाउनलोड कर लॉस्ट आर्टिकल रिपोर्ट (LAR) दर्ज कराएं।
आधार कार्ड और मोबाइल खरीद बिल की पीडीएफ प्रति तैयार रखें।
भारत सरकार के CEIR पोर्टल www.ceir.gov.in पर मोबाइल गुम होने की शिकायत दर्ज कर उसे ब्लॉक कराएं।
CEIR से नोटिफिकेशन मिलने पर नजदीकी थाने से संपर्क करें।
खोई संपत्ति वापस दिलाना प्राथमिकता
लखनऊ पुलिस ने कहा कि आमजन की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पश्चिमी जोन पुलिस की इस कार्रवाई से 233 लोगों को उनके गुम हुए मोबाइल वापस मिल सके हैं। वहीं पुलिस के मुताबिक, कमिश्नरेट के सभी थानों में साइबर हेल्प डेस्क बनाई गई हैं, जहां मोबाइल गुम होने से संबंधित शिकायत और जरूरी सहायता मिल सकती है।
Share this content:
