मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस ने 35 वर्षीय कुख्यात बदमाश आशीष पाल को गिरफ्तार किया है, जिस पर 40 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी करवाचौथ के मौके पर अपनी पत्नी से मिलने घर पहुंचा था, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे फिल्मी अंदाज़ में दबोच लिया। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और कई थानों में लूट, चोरी, मारपीट, धमकी और अवैध वसूली जैसे गंभीर अपराधों के केस दर्ज थे।
पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी लोगों को धमकाकर वसूली करता था और शिकायत करने वालों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देता था। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उसके मोबाइल की जांच की तो उसमें कई आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें मिलीं, जिनका इस्तेमाल वह ब्लैकमेलिंग के लिए करता था।
परदेशीपुरा थाना प्रभारी आर.डी. कानवा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी करवाचौथ पर घर आएगा, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके साथियों की तलाश जारी है। संभावना जताई जा रही है कि आरोपी से कई पुराने मामलों का खुलासा हो सकता है।
Share this content:
