भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज की नई ट्रॉफी सचिन-एंडरसन के नाम होगी, लिया गया ऐतिहासिक फैसला
20 जून से शुरू हो रही भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। पिछले कई दशकों से इंग्लैंड में खेली जाने वाली इस टेस्ट सीरीज को मंसूर अली खान पटौदी ट्रॉफी के नाम से जाना जाता था, लेकिन इस बार इसे बदलकर सचिन तेंदुलकर और जेम्स एंडरसन के नाम पर रखा जाएगा। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने इस ऐतिहासिक फैसले की घोषणा की है, जिससे यह सीरीज दोनों देशों के महान खिलाड़ियों के सम्मान में समर्पित होगी।
लीड्स के हेडिंग्ले मैदान में 20 जून को सीरीज का पहला मैच खेला जाएगा, जहां इस नई ट्रॉफी का अनावरण भी किया जा सकता है। माना जा रहा है कि इस मौके पर दोनों दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर और जेम्स एंडरसन मौजूद रहेंगे और विजेता टीम को ट्रॉफी उनके हाथों से सौंपा जाएगा।
हालांकि, अभी तक बीसीसीआई ने इस ट्रॉफी को भारत में होने वाली टेस्ट सीरीज में लागू करने को लेकर कोई आधिकारिक फैसला नहीं किया है। पहले यह टेस्ट सीरीज पदौदी ट्रॉफी के लिए खेली जाती थी, लेकिन इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने इस ट्रॉफी को आगे जारी न रखने का निर्णय लिया है।
इस नए नाम से सीरीज को एक नई पहचान मिलेगी, खासकर तब जब टीम इंडिया के अनुभवी खिलाड़ी जैसे रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन इस बार टीम का हिस्सा नहीं होंगे। सचिन और एंडरसन के नाम से ट्रॉफी को सम्मानित कर, यह सीरीज क्रिकेट प्रेमियों के लिए और भी खास और यादगार बन जाएगी।
यह निर्णय न केवल खिलाड़ियों के लिए बल्कि फैंस के लिए भी एक उत्साहवर्धक और प्रेरणादायक पल साबित होगा, जो इस प्रतिष्ठित टेस्ट सीरीज को और अधिक महत्वपूर्ण और यादगार बना देगा।
Share this content:
