IND vs ENG: दूसरे टेस्ट से पहले टीम इंडिया के प्लेइंग इलेवन में बड़ा बदलाव, क्या शुभमन गिल दिखा पाएंगे जिगरा और शार्दुल ठाकुर को बाहर करेंगे?
भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 2 जुलाई से बर्मिंघम में खेला जाएगा। पहले टेस्ट में मिली करारी हार के बाद टीम इंडिया की सबसे बड़ी चुनौती अब प्लेइंग इलेवन को लेकर है। कुछ खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन कई ऐसे भी हैं जिन्होंने टीम के लिए उम्मीदों पर खरा नहीं उतरकर बोझ साबित हुए। अब सवाल यह उठता है कि कप्तान शुभमन गिल क्या इस बार जिगरा दिखा पाएंगे और ऐसे खिलाड़ी को बाहर का रास्ता दिखा पाएंगे जिसने पहले टेस्ट में निराश किया?
बीसीसीआई ने इंग्लैंड सीरीज के लिए पेसर ऑलराउंडर के तौर पर शार्दुल ठाकुर और नितीश कुमार रेड्डी को टीम में शामिल किया था। पहले टेस्ट में कप्तान शुभमन गिल ने शार्दुल ठाकुर को मौका दिया, लेकिन शार्दुल अपने मौके का फायदा नहीं उठा पाए। बल्लेबाजी में वे पहली पारी में 8 गेंदों पर केवल 1 रन और दूसरी पारी में 12 गेंदों पर 4 रन ही बना सके। गेंदबाजी में भी उनकी कारगुजारी निराशाजनक रही। पहली पारी में 6 ओवर में बिना विकेट के 38 रन दिए और दूसरी पारी में 10 ओवर में 2 विकेट लिए, लेकिन इसके लिए 51 रन खर्च किए। टेस्ट क्रिकेट में 5 से ऊपर की इकॉनमी काफी अधिक मानी जाती है और शार्दुल का प्रदर्शन टीम की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया।
शार्दुल ठाकुर के कमजोर प्रदर्शन को देखते हुए टीम प्रबंधन अब नितीश कुमार रेड्डी को प्लेइंग इलेवन में मौका देने पर विचार कर सकता है। हालांकि नितीश नए खिलाड़ी हैं, लेकिन उन्होंने अब तक खेले गए 5 टेस्ट मैचों में 298 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक भी शामिल है, साथ ही गेंदबाजी में 5 विकेट भी ले चुके हैं। वे ऑलराउंडर के रूप में टीम को संतुलन देने में सक्षम हैं।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि शुभमन गिल क्या पहले टेस्ट में मिली हार के बाद टीम की प्लेइंग इलेवन में बदलाव का साहस दिखाते हैं या नहीं। इस फैसले का जवाब संभवतः दूसरे टेस्ट के दिन ही मिलेगा, लेकिन टीम इंडिया के लिए यह कदम सीरीज में वापसी की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
Share this content:
