April 30, 2026

IND vs ENG: लॉर्ड्स में सिराज का रिकॉर्ड बुमराह से बेहतर, तीसरे टेस्ट में दोनों पर रहेंगी निगाहें

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला 10 जुलाई से ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। पिछली बार टीम इंडिया ने इसी मैदान पर इंग्लैंड को हराया था और एक बार फिर यहां दोनों टीमों की भिड़ंत को लेकर रोमांच चरम पर है। खासतौर पर भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज पर सबकी निगाहें टिकी होंगी।

लॉर्ड्स पर अब तक बुमराह और सिराज दोनों ने 1-1 टेस्ट मैच खेला है, लेकिन आंकड़े सिराज के पक्ष में हैं। बुमराह ने यहां 2 पारियों में 37.33 की औसत से कुल 3 विकेट लिए थे, जबकि सिराज ने 2 पारियों में 15.75 की औसत से 8 विकेट चटकाए थे। सिराज का लॉर्ड्स पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4 विकेट देकर 32 रन रहा है।

मौजूदा सीरीज के पहले टेस्ट में सिराज कुछ खास नहीं कर सके थे, लेकिन एजबेस्टन टेस्ट में उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए 7 विकेट झटके। वहीं, बुमराह की वापसी तीसरे टेस्ट में तय मानी जा रही है, जिससे भारत की गेंदबाजी और धारदार हो सकती है।

इसके अलावा, आकाश दीप भी तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में नज़र आएंगे। एजबेस्टन टेस्ट में उन्होंने कुल 10 विकेट लिए थे और अब लॉर्ड्स में भी उनसे उम्मीदें होंगी। अब तक भारत ने लॉर्ड्स में कुल 19 टेस्ट खेले हैं, जिनमें केवल 3 में जीत हासिल हुई है, 12 में हार और 4 ड्रॉ रहे हैं। ऐसे में यह टेस्ट मैच भारत के लिए एक और ऐतिहासिक मौका साबित हो सकता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!