जमैका में तबाही मचा रहा हरिकेन मेलिसा, 280 किमी/घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा तूफान—अब तक तीन की मौत

कैरेबियन देश जमैका, जो अपनी विश्वप्रसिद्ध ब्लू माउंटेन कॉफी के लिए जाना जाता है, इस वक्त प्रकृति के सबसे भीषण प्रकोप से जूझ रहा है। हरिकेन मेलिसा (Hurricane Melissa) नाम का यह कैटेगरी-5 तूफान साल 2025 का सबसे खतरनाक चक्रवात माना जा रहा है। करीब 175 मील प्रति घंटा (लगभग 282 किमी/घंटा) की रफ्तार से जमैका की ओर बढ़ते इस तूफान ने अब तक तीन लोगों की जान ले ली है, जबकि देश के कई हिस्सों में भारी तबाही मच गई है।

तूफान की वजह से सैकड़ों पेड़ उखड़ गए हैं, बिजली ठप हो गई है और कई इलाकों में सड़कों पर बाढ़ का पानी भर गया है। अमेरिकी मौसम विभाग ने इसे “विनाशकारी और जानलेवा” तूफान बताया है। फिलहाल यह किंग्सटन से करीब 150 मील दक्षिण-पश्चिम में है और जल्द ही तट से टकराने की संभावना जताई जा रही है। सेटेलाइट तस्वीरों में इसका “buzz-saw” जैसा परफेक्ट सर्पिल आकार दिख रहा है, जिससे इसकी ताकत का अंदाजा लगाया जा सकता है।

जमैका सरकार ने तटीय इलाकों में अनिवार्य निकासी आदेश जारी कर दिए हैं। अब तक 800 से ज्यादा राहत शिविर बनाए गए हैं, जिनमें करीब 970 लोग शरण लिए हुए हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले घंटों में 40 इंच तक बारिश, 13 फीट ऊंची ज्वारीय लहरें और भूस्खलन की स्थिति बन सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, कैरेबियन सागर का असामान्य रूप से गर्म तापमान इस तूफान की शक्ति बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभा रहा है। शोध संगठन क्लाइमेट सेंट्रल का कहना है कि समुद्री तापमान सामान्य से लगभग 2.5°F अधिक है, जिसके कारण ऐसे विनाशकारी तूफानों की संभावना 500 से 800 गुना बढ़ गई है। यानी जलवायु परिवर्तन सीधे तौर पर इस तूफान की तीव्रता के लिए जिम्मेदार है।

जमैका न सिर्फ अपनी खूबसूरत पहाड़ियों और समुद्र तटों के लिए, बल्कि दुनिया की सबसे प्रीमियम कॉफी के उत्पादन के लिए भी जाना जाता है। ब्लू माउंटेन क्षेत्र की कॉफी दुनिया में सबसे महंगी और उत्कृष्ट मानी जाती है। लेकिन इस भयंकर तूफान ने अब किसानों की फसलों और कॉफी उद्योग को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगर हवा की रफ्तार और बढ़ी, तो यह तूफान आने वाले दिनों में कैरेबियन के अन्य देशों में भी तबाही मचा सकता है।

Share this content:

About The Author

You may have missed