सिएटल (अमेरिका): दुनिया की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन में एक बार फिर बड़े पैमाने पर छंटनी शुरू हो गई है। कंपनी ने लगभग 30,000 कॉर्पोरेट कर्मचारियों को हटाने का फैसला किया है। अमेजन का कहना है कि यह कदम कॉस्ट कटिंग और महामारी के बाद के कार्यबल संतुलन का हिस्सा है, लेकिन उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते उपयोग ने इन नौकरियों को खत्म करने में बड़ी भूमिका निभाई है। कंपनी के सीईओ एंडी जेसी पहले ही संकेत दे चुके थे कि भविष्य में AI की वजह से कई नौकरियां खत्म हो सकती हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह छंटनी अमेजन के ह्यूमन रिसोर्स (People Experience & Technology), डिवाइस एंड सर्विसेज (Alexa टीम) और ऑपरेशंस डिवीजन जैसे अहम विभागों को प्रभावित करेगी। कंपनी का दावा है कि महामारी के दौरान ऑनलाइन शॉपिंग की बढ़ती मांग के चलते “अंधाधुंध भर्ती” हुई थी, लेकिन अब जब बाजार सामान्य हो चुका है, तो कंपनी खर्चों में कटौती कर अपने वर्कफोर्स को “संतुलित” करना चाहती है। यह छंटनी अमेजन के कुल 3.5 लाख कॉर्पोरेट कर्मचारियों में से लगभग 10% को प्रभावित करेगी।
विश्लेषकों के अनुसार, अमेजन अब अपने आंतरिक कामकाज में AI-चालित ऑटोमेशन पर अधिक निर्भर हो रही है। रिपोर्ट बताती है कि कंपनी कई प्रक्रियाओं में इंसानों की जगह मशीन लर्निंग टूल्स और जेनेरेटिव AI सिस्टम्स का इस्तेमाल बढ़ा रही है। इससे उत्पादकता तो बढ़ी है, लेकिन कॉर्पोरेट स्तर पर नौकरियों की जरूरत घट गई है। इससे पहले 2022 में भी 27,000 कर्मचारियों को निकाला गया था, लेकिन यह नई छंटनी अब तक की सबसे बड़ी और व्यापक ‘AI Layoff’ मानी जा रही है। उद्योग जगत इसे उस दौर की शुरुआत के रूप में देख रहा है, जहां तकनीक इंसानों की जगह स्थायी रूप से लेने लगी है।
Share this content:
