High BP Headache: क्या हाई ब्लड प्रेशर की वजह से भी होता है सिरदर्द? जानिए एक्सपर्ट की राय
सिरदर्द एक आम समस्या है, जो कई कारणों से हो सकता है। कभी यह दर्द सिर के आगे के हिस्से में होता है, तो कभी बीच या पूरे सिर में महसूस होता है। कई लोगों को सिर के पिछले हिस्से में दर्द की शिकायत रहती है, जिसे अक्सर सर्वाइकल, माइग्रेन, नींद की कमी या तनाव से जोड़कर देखा जाता है। लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, कई मामलों में सिर के पीछे होने वाला दर्द हाई ब्लड प्रेशर यानी हाई बीपी का संकेत भी हो सकता है। इसलिए इस तरह के दर्द को हल्के में लेना खतरनाक साबित हो सकता है।
दिल्ली के राजीव गांधी अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ डॉ. अजीत जैन के अनुसार, अगर किसी व्यक्ति का ब्लड प्रेशर सामान्य से बहुत ज्यादा बढ़ जाता है, खासकर 180/120 mmHg या उससे अधिक हो जाता है, तो इस स्थिति में सिरदर्द की समस्या हो सकती है। इस स्थिति को हाइपरटेंसिव क्राइसिस कहा जाता है, जो एक मेडिकल इमरजेंसी होती है और इसमें तुरंत इलाज की जरूरत पड़ती है। हालांकि कुछ मामलों में ब्लड प्रेशर के हल्के बढ़ने पर भी सिर के पिछले हिस्से में दर्द महसूस हो सकता है। ऐसे में लगातार सिरदर्द होने पर बीपी की जांच जरूर करानी चाहिए।
हाई बीपी से होने वाला सिरदर्द आमतौर पर सिर के पीछे भारीपन के साथ महसूस होता है। इसके साथ मरीज को धुंधला दिखाई देना, चक्कर आना या उल्टी जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, जब ब्लड प्रेशर बढ़ता है तो मस्तिष्क की नसों पर दबाव बढ़ जाता है, जिससे सिर में दर्द होने लगता है। ज्यादातर मामलों में यह दर्द सिर के पिछले हिस्से में होता है, लेकिन कुछ लोगों में यह पूरे सिर में भी फैल सकता है।
डॉ. जैन का कहना है कि हाई ब्लड प्रेशर को अक्सर ‘साइलेंट किलर’ कहा जाता है, क्योंकि इसके शुरुआती लक्षण आसानी से पहचान में नहीं आते। कई लोग सिर के पिछले हिस्से में दर्द को सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि यह हाई बीपी का संकेत हो सकता है। इसलिए अगर किसी व्यक्ति को बार-बार इस तरह का दर्द हो रहा है, तो उसे डॉक्टर से परामर्श लेकर ब्लड प्रेशर की जांच जरूर करानी चाहिए।
विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर हाई बीपी की पहचान और सही इलाज से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, तनाव से दूरी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखा जा सकता है। अगर सिर के पिछले हिस्से में लगातार दर्द बना रहता है या इसके साथ अन्य लक्षण दिखाई देते हैं, तो इसे नजरअंदाज करने की बजाय तुरंत चिकित्सा सलाह लेना ही बेहतर विकल्प है।
Share this content:
