हरिद्वार: तीसरी शादी की ख्वाहिश में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, दुल्हन बनने से पहले पहुंची जेल

उत्तराखंड के हरिद्वार से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने तीसरी शादी की चाहत में अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। ई-रिक्शा चालक प्रदीप की हत्या के बाद उसका शव आम के बगीचे में फेंक दिया गया। यह मामला हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक प्रदीप कुमार की पत्नी रीना का गांव के ही एक व्यक्ति सलेख से प्रेम प्रसंग चल रहा था। रीना के पहले पति की मौत बीमारी के चलते हो चुकी थी और उसने करीब 10 साल पहले प्रदीप से दूसरी शादी की थी। लेकिन कुछ समय बाद उसका अफेयर सलेख से शुरू हो गया। रीना अब तीसरी बार शादी करना चाहती थी, लेकिन उसका पति प्रदीप बाधा बन रहा था, इसलिए उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

14 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि गांव किशनपुर के एक आम के बगीचे में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। जांच में शव की पहचान 48 वर्षीय ई-रिक्शा चालक प्रदीप के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के भतीजे मांगेराम की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर लिया था और जांच शुरू की। सीडीआर और मुखबिरों की सूचना पर जब पुलिस ने रीना से पूछताछ की तो उसने साजिश कुबूल कर ली।

रीना ने बताया कि उसने प्रेमी सलेख के साथ मिलकर प्रदीप की गला घोंटकर हत्या की थी। वारदात के बाद शव को आम के बगीचे में फेंक दिया गया। सलेख की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वह गमछा भी बरामद कर लिया जिससे प्रदीप की हत्या की गई थी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग इसे एक क्रूर और चौंकाने वाली घटना बता रहे हैं।

Share this content:

About The Author

You may have missed