देशभर में मॉनसून का कहर, गुजरात-महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-यूपी में भी मौसम बदलेगा?
देश के कई हिस्सों में मानसून अब मुसीबत बनकर टूट पड़ा है। हिमाचल, उत्तराखंड, गुजरात और महाराष्ट्र में बारिश के कारण बाढ़ और लैंडस्लाइड जैसी स्थितियां बनी हुई हैं। वहीं दिल्ली जैसे इलाके जहां मानसून की दस्तक की बेसब्री से प्रतीक्षा हो रही है, वहां बादलों की मौजूदगी के बावजूद तेज बारिश अब तक नहीं हुई है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश और बाढ़ का खतरा बना हुआ है। गुजरात और महाराष्ट्र में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी है। खासकर मुंबई, रायगढ़, ठाणे और पालघर में येलो अलर्ट लागू किया गया है। इसके अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश, केरल, कर्नाटक, ओडिशा, बिहार और झारखंड में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
बिहार में बारिश और वज्रपात का अलर्ट
बिहार में मॉनसून की सक्रियता बढ़ी है। पश्चिम चंपारण, बेगूसराय, मुंगेर, भागलपुर, बांका, किशनगंज, सहरसा और अररिया समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
महाराष्ट्र में बाढ़ जैसे हालात
बुलढाना जिले में मूसलधार बारिश से कंचनगंगा नदी उफान पर है। मुंबई-नागपुर हाईवे जलमग्न हो गया है। सड़कों और घरों में घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। बिजली के पोल और कारें डूबी हैं। मुंबई और आसपास के जिलों में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में बदलेगा मौसम
बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, उदयपुर, अजमेर और सवाईमाधोपुर समेत कई जिलों में आज बिजली की गर्जना और हल्की बारिश के आसार हैं।
दिल्ली में आज हो सकती है बारिश
दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने के बावजूद अब तक मानसून की बारिश नहीं हुई है। हालांकि, मौसम विभाग ने आज गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में 5 दिन तक अलर्ट
यूपी में मानसून की चाल धीमी हो गई है लेकिन मौसम विभाग ने अगले पांच दिन के लिए गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी है। इससे मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।
Share this content:
