भारत-साउथ अफ्रीका सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट आज से, दोनों टीमों में बदलाव तय
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चल रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला गुवाहाटी में होने जा रहा है, लेकिन मैच शुरू होने से पहले ही दोनों टीमों को झटका लगा है। पहले टीम इंडिया के ओपनर शुभमन गिल चोट की वजह से बाहर हुए और अब साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा भी पसलियों की चोट के चलते दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उनकी गैरमौजूदगी से साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी कमज़ोर पड़ सकती है। रबाडा के बाहर होने की पुष्टि टीम के कप्तान टेंबा बावुमा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की।
सीरीज से पहले लगी थी चोट, उम्मीदें हुई खत्म
रबाडा को यह चोट सीरीज शुरू होने से पहले ही लगी थी। पहले टेस्ट में वे नहीं खेले थे और टीम मैनेजमेंट को उम्मीद थी कि वह दूसरे टेस्ट तक फिट हो जाएंगे। हालांकि, उनकी चोट में सुधार न होने की वजह से अब वे गुवाहाटी टेस्ट में भी टीम का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। साउथ अफ्रीका के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है क्योंकि रबाडा एशियाई पिचों पर अपनी गेंदबाजी से काफी प्रभाव डालते हैं।
पहले टेस्ट में साउथ अफ्रीका ने 30 रन से जीत दर्ज की थी और अब टीम सीरीज अपने नाम करने के साथ-साथ क्लीन स्वीप का मौका तलाश रही है। ऐसे में रबाडा का बाहर होना टीम के प्लान में बदलाव ला सकता है।
कौन करेगा रबाडा की जगह गेंदबाजी?
रबाडा के बाहर होने के बाद अब उनके स्थान पर तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी के खेलने की संभावना बढ़ गई है। साउथ अफ्रीका ने उन्हें बैकअप विकल्प के तौर पर टीम में रखा हुआ है और अगर पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार हुई तो एनगिडी को प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है।
कप्तान बावुमा ने पिच को लेकर कहा कि,
“गुवाहाटी की विकेट एशियाई परिस्थितियों की तरह है। पहले दो दिन बल्लेबाजी आसान रहेगा लेकिन उसके बाद स्पिनर्स को मदद मिलेगी।”
शुभमन के बाहर होने से टीम इंडिया की ओपनिंग पर सवाल
उधर टीम इंडिया में शुभमन गिल के बाहर होने से ओपनिंग संयोजन बदलता हुआ नजर आएगा। ऐसे में कप्तान और टीम मैनेजमेंट के लिए नए संयोजन का फैसला चुनौतीपूर्ण होगा। यह मैच भारत के लिए करो या मरो की स्थिति वाला है क्योंकि सीरीज में साउथ अफ्रीका 1-0 से आगे है।
गुवाहाटी टेस्ट जहां भारत के लिए अपनी प्रतिष्ठा बचाने की लड़ाई है, वहीं साउथ अफ्रीका क्लीन स्वीप का सपना लेकर मैदान में उतरेगा। दोनों टीमों में बदलाव तय हैं और चूंकि पिच मैच के आगे बढ़ने पर स्पिनरों की मदद कर सकती है, इसलिए यह मुकाबला और रोमांचक होने जा रहा है।
यदि भारत यह मैच जीतता है तो सीरीज बराबरी पर खत्म होगी, लेकिन अगर अफ्रीका जीतता है, तो यह उनके लिए ऐतिहासिक क्लीन स्वीप साबित हो सकता है।
Share this content:
