गोरखपुर: हिस्ट्रीशीटर विनोद माली पर गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई, पत्नी भी जालसाजी मामलों में नामजद
गोरखपुर पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी विनोद माली पर गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक विनोद माली पर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अब तक कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, धोखाधड़ी, चोरी, मारपीट और गैंगस्टर जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
गैंग लीडर के रूप में सक्रिय विनोद माली के खिलाफ जीआरपी गोरखपुर, लखनऊ, गोंडा और देवरिया में मामले दर्ज हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि उसकी पत्नी अनुसुइया देवी पर भी शाहपुर और सहजनवां थानों में जालसाजी से संबंधित आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों की गतिविधियों को संगठित अपराध की श्रेणी में पाते हुए कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
एसएसपी गोरखपुर राजकरन नैय्यर ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि जिले में अपराधियों के लिए कोई सॉफ्ट कॉर्नर नहीं है। जिस भी व्यक्ति से आम जनता की सुरक्षा को खतरा होगा, उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई यह कार्रवाई स्पष्ट संकेत है कि गोरखपुर में संगठित ठगी और अपराध अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Share this content:
