बरेली में महिलाओं की अश्लील तस्वीरें वायरल, परिजनों ने दी आत्मदाह की चेतावनी
बरेली के बारादरी क्षेत्र में दो महिलाओं की एडिट की गई अश्लील तस्वीरों को व्हाट्सएप पर वायरल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपी ने इन तस्वीरों को न सिर्फ सोशल मीडिया पर फैलाया, बल्कि महिलाओं के परिजनों और पतियों को भी भेजकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इस घिनौनी हरकत के खिलाफ परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
घटना 13 जुलाई की शाम करीब 6:07 बजे की है, जब एक युवक के मोबाइल पर उसकी पत्नी की मॉर्फ की गई आपत्तिजनक तस्वीरें भेजी गईं। इसके कुछ ही देर बाद उसके साढ़ू को उसकी पुत्रवधू की भी अश्लील तस्वीरें भेजी गईं। तस्वीरें इतनी आपत्तिजनक थीं कि महिलाएं सदमे में आ गईं और बदहवास हो गईं। इसके बाद पूरा परिवार बारादरी थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।
परिजनों का कहना है कि इस घटना के बाद महिलाएं गहरे मानसिक आघात में हैं और घर से बाहर निकलने में डर रही हैं। मोहल्ले में चर्चा का विषय बनने के बाद उनका सामाजिक सम्मान भी खतरे में पड़ गया है। पीड़ित परिवारों ने साफ कहा है कि अगर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर हो जाएंगे।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बारादरी थानाध्यक्ष धनंजय पांडे ने बताया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
यह मामला न केवल महिलाओं की निजता पर हमला है, बल्कि समाज में फैलती डिजिटल अपराध की गंभीर चेतावनी भी है। पीड़ित परिवारों की उम्मीदें अब प्रशासन से न्याय और कार्रवाई की हैं।
Share this content:
