लगातार तीसरे दिन सस्ता हुआ सोना, तीन दिन में चांदी भी ₹4500 सस्ती हुई
सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा। दिल्ली के सर्राफा बाजार में आज सोने की कीमत 200 रुपये की गिरावट के साथ 98,670 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई। यह लगातार तीसरा दिन है जब सोने के दामों में गिरावट देखी गई। इससे पहले बुधवार को सोना 500 रुपये टूटा था। इसी तरह, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी आज 200 रुपये गिरकर 98,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है। गुरुवार को चांदी 500 रुपये सस्ती होकर 1,10,500 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। बुधवार को इसका भाव 1,11,000 रुपये प्रति किलो था। तीन दिनों के अंदर चांदी की कीमतों में कुल ₹4,500 की गिरावट आ चुकी है। सोमवार को चांदी के दाम 5,000 रुपये की उछाल के साथ 1,15,000 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए थे।
विशेषज्ञों के अनुसार, सोने की कीमतों में गिरावट की प्रमुख वजह सुरक्षित निवेश की मांग में कमी है। अबन्स फाइनेंशियल सर्विसेज के सीईओ चिंतन मेहता के अनुसार, अमेरिका-चीन तनाव में कमी और भारत के साथ व्यापार समझौते की संभावना के चलते निवेशकों का रुझान सोने जैसे सुरक्षित विकल्पों से हट रहा है। इसके अलावा, मेक्सिको और यूरोपीय संघ पर लगाए गए भारी टैरिफ को लेकर बातचीत की संभावना ने भी बाजार में स्थिरता लाई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गिरावट दर्ज की गई है। हाजिर सोना 0.64 प्रतिशत गिरकर 3,326.05 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। एलकेपी सिक्योरिटी के जतीन त्रिवेदी के अनुसार, अमेरिकी सीपीआई डेटा उम्मीद से बेहतर आने से डॉलर मज़बूत हुआ है, जिससे सोने की कीमतों पर दबाव बना है। वहीं, हाजिर चांदी भी 0.11 प्रतिशत टूटकर 37.86 डॉलर प्रति औंस रह गई।
Share this content:
