आज रात से गैस होगी महंगी, लेकिन बच सकते हैं 50 रुपये – जानिए कैसे!”
केंद्र सरकार ने 7 अप्रैल 2025 को एलपीजी उपभोक्ताओं को चौंकाने वाला फैसला सुनाया। अब आज रात ठीक 12 बजे के बाद से घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 50 रुपये महंगा हो जाएगा। खास बात ये है कि यह बढ़ी हुई कीमतें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों और सामान्य उपभोक्ताओं — दोनों पर लागू होंगी। यानी अब कोई भी इस महंगाई से अछूता नहीं रहेगा।
लेकिन इस बढ़ोतरी के साथ सरकार ने एक विकल्प भी छोड़ा है — अगर आप रात 12 बजे से पहले एलपीजी सिलेंडर बुक कर लेते हैं और उसका प्रीपेड भुगतान कर देते हैं, तो आप 50 रुपये की बढ़ोतरी से बच सकते हैं। यानी एक क्लिक आपको इस झटके से फिलहाल राहत दिला सकता है। लेकिन अगर आपने सिर्फ बुकिंग की और पेमेंट नहीं किया, तो अगली सुबह जनरेट होने वाला बिल नई दरों के अनुसार होगा, और आपसे 50 रुपये ज्यादा वसूले जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का ऐलान
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि एलपीजी की नई कीमतें 7 अप्रैल की रात 12 बजे से प्रभावी होंगी। अब उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाला सब्सिडी वाला सिलेंडर 500 रुपये से बढ़कर 550 रुपये का हो गया है। वहीं सामान्य उपभोक्ताओं को अब 803 की बजाय 853 रुपये चुकाने होंगे।
पुरी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह मूल्यवृद्धि स्थायी नहीं है। सरकार हर 2 से 3 सप्ताह में इन दरों की समीक्षा करती है, और यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थिरता आती है तो कीमतें घटाई भी जा सकती हैं। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि पेट्रोल-डीजल पर बढ़ी एक्साइज ड्यूटी का असर आम जनता पर नहीं डाला जाएगा।
तो आखिर दाम क्यों बढ़े?
सरकार के इस कदम के पीछे की बड़ी वजह है तेल कंपनियों को हुआ 43,000 करोड़ रुपये का घाटा, जो उन्हें रसोई गैस की बिक्री के कारण उठाना पड़ा। इस घाटे की आंशिक भरपाई के लिए सरकार ने एलपीजी के दाम बढ़ाने का फैसला लिया है। मंत्री पुरी के मुताबिक, यह जरूरी था ताकि तेल कंपनियां अपनी सेवाएं सुचारू रूप से जारी रख सकें।
हालांकि इस फैसले से उन लाखों गरीब परिवारों पर सीधा असर पड़ेगा जो उज्ज्वला योजना के तहत सब्सिडी वाला सिलेंडर लेते हैं। खासतौर पर त्योहारों या गर्मी के इस मौसम में जब खर्च पहले से बढ़ा होता है, ऐसे में रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी एक बड़ा झटका है।
अब क्या करें उपभोक्ता?
अगर आप इस बढ़ोतरी से बचना चाहते हैं तो आज रात 12 बजे से पहले ही सिलेंडर बुक कराएं और प्रीपेड भुगतान करें। इससे आपको अभी की दरों पर सिलेंडर मिल जाएगा और आप 50 रुपये बचा लेंगे। सिर्फ बुकिंग करना काफी नहीं है, पेमेंट करना जरूरी है।
अब सबकी निगाहें आगामी समीक्षा बैठकों पर टिकी हैं। क्या सरकार बढ़े दामों पर फिर से सोच-विचार करेगी? या जनता को इस महंगाई का बोझ लंबे समय तक ढोना पड़ेगा?
फिलहाल तो LPG उपभोक्ताओं के लिए यह अलर्ट काफी है: “टिक-टिक शुरू हो चुकी है, वक्त रहते बुकिंग करो वरना जेब ढीली होगी 50 रुपये और।”
Share this content:
