शेयरधारकों को मिला बड़ा तोहफा: फाइजर लिमिटेड ने डिविडेंड बांटने में रचा इतिहास
दवा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी फाइजर लिमिटेड ने अपने निवेशकों को ऐसा तोहफा दिया है, जिसकी बाजार को उम्मीद नहीं थी। बीते पांच सालों में ऐसा कभी नहीं हुआ, जो इस बार हुआ। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 (जो 31 मार्च 2025 को समाप्त हुआ) के लिए अपने शेयरधारकों को रिकॉर्ड तोड़ डिविडेंड देने का ऐलान किया है। इस बड़ी घोषणा के बाद बाजार में फाइजर के शेयरों ने जबरदस्त छलांग लगाई है और निवेशकों के चेहरे खिल उठे हैं।
फाइजर लिमिटेड ने कुल 165 रुपये प्रति शेयर यानी 1650% का डिविडेंड देने की घोषणा की है। यह डिविडेंड तीन हिस्सों में बांटा गया है—कंपनी ने 35 रुपये (350%) का फाइनल डिविडेंड घोषित किया है, जबकि भारत में अपने ऑपरेशंस के 75 साल पूरे होने के अवसर पर 100 रुपये (1000%) का विशेष डिविडेंड और इसके अतिरिक्त 30 रुपये (300%) का एक और स्पेशल डिविडेंड भी घोषित किया गया है। कुल मिलाकर यह कंपनी की ओर से अब तक का सबसे बड़ा लाभांश भुगतान है।
डिविडेंड के इस ऐलान का असर कंपनी के स्टॉक पर तुरंत देखने को मिला। मंगलवार को फाइजर लिमिटेड के शेयरों में 11% से अधिक की उछाल आई और यह 4995.85 रुपये पर पहुंच गया। हालांकि, यह अभी भी अपने 52 हफ्तों के उच्चतम स्तर 6452.85 रुपये से थोड़ा नीचे है।
कंपनी ने डिविडेंड के लिए 9 जुलाई 2025 को रिकॉर्ड डेट घोषित किया है, यानी इस तारीख तक जिनके पास फाइजर के शेयर होंगे, वही इस विशेष लाभांश के हकदार होंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले फाइजर ने मई 2020 में 320 रुपये प्रति शेयर का विशेष डिविडेंड दिया था, जो उस समय काफी चर्चा में रहा था। लेकिन इस बार की घोषणा ने उस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है, और निवेशकों के लिए इसे ‘गोल्डन रिटर्न’ की तरह देखा जा रहा है।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इस घोषणा से फाइजर का शेयर और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ सकता है, खासतौर पर दीर्घकालिक निवेशकों के लिए यह एक सकारात्मक संकेत है।
Share this content:
