यूपी सरकार और FCDO के बीच छात्रवृत्ति चयन प्रक्रिया के लिए MOU साइन
लखनऊ में मंगलवार को एक अहम समझौते पर हस्ताक्षर हुए, जहां उत्तर प्रदेश सरकार और द फॉरेन कॉमनवेल्थ एंड डेवलपमेंट ऑफिस (FCDO) के बीच ‘चिवनिंग-भारत रत्न श्री अटल बिहारी बाजपेयी उत्तर प्रदेश राज्य सरकार छात्रवृत्ति योजना’ को लेकर एमओयू हुआ। इस समझौते के तहत प्रदेश में छात्रवृत्ति के लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया और भी पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पूरी की जाएगी।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे और उन्होंने इसे प्रदेश के छात्रों के लिए एक बड़ा अवसर बताया। सीएम योगी ने कहा कि इस साझेदारी से उत्तर प्रदेश के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा और अवसरों का लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न से जोड़ते हुए कहा कि यह पहल युवाओं को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने का माध्यम बनेगी।
कार्यक्रम में भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरून भी शामिल हुईं। उन्होंने यूपी सरकार और ब्रिटेन के बीच इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में गहरी साझेदारी का प्रतीक बताया। उनके अनुसार, यह समझौता भारत और ब्रिटेन के बीच शिक्षा व शोध के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करेगा।
इस मौके पर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और राज्य मंत्री रजनी तिवारी भी मौजूद रहे। मंत्रियों ने कहा कि यह योजना उत्तर प्रदेश के होनहार छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्कॉलरशिप का लाभ दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी। इसके साथ ही प्रदेश सरकार ने साफ किया कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और मेरिट आधारित तरीके से संपन्न किया जाएगा।
समारोह में उपस्थित अधिकारियों और शिक्षाविदों ने भी इस कदम की सराहना की। उनका कहना था कि इससे प्रदेश के छात्र न केवल उच्च शिक्षा प्राप्त करेंगे बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभव और exposure भी पाएंगे। यह पहल प्रदेश की शिक्षा प्रणाली को नई दिशा देने में सहायक साबित होगी।
Share this content:
