April 18, 2026

ईडी की छापेमारी के बाद जेनसोल इंजीनियरिंग के शेयरों में भारी गिरावट

जेनसोल इंजीनियरिंग के शेयरों में जबरदस्त गिरावट देखने को मिल रही है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा कंपनी के गुड़गांव और अहमदाबाद स्थित कार्यालयों पर 27 अप्रैल को की गई तलाशी के बाद शेयर मंगलवार को 5 प्रतिशत तक गिर गए। इस बिकवाली के चलते शेयर की कीमत 51 हफ्तों के निचले स्तर 81.36 रुपये पर पहुंच गई है। सिर्फ एक महीने में शेयर में 50 प्रतिशत की गिरावट आई है और बीते छह महीनों में करीब 90 फीसदी का नुकसान हुआ है, जिससे निवेशकों की बड़ी पूंजी डूब गई है। कंपनी ने बताया कि ईडी ने तलाशी के दौरान कई दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज और वित्तीय रिकॉर्ड जब्त किए हैं। हालांकि, इस कार्रवाई से कंपनी पर पड़ने वाले वित्तीय प्रभाव का मूल्यांकन अभी बाकी है।

कंपनी की गतिविधियों को लेकर इस महीने की शुरुआत में ही भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने अपनी चिंता जताई थी। सेबी ने 15 अप्रैल को जेनसोल पर कार्रवाई करते हुए आरोप लगाया था कि कंपनी ने व्यावसायिक उद्देश्यों से लिए गए फंड का इस्तेमाल निजी महंगी चीजों पर किया। इसके बाद दो प्रमुख वित्तीय संस्थानों – पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन (पीएफसी) और इंडियन रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (आईआरईडीए) – ने कंपनी के खिलाफ शिकायतें दर्ज की हैं। पीएफसी ने आरोप लगाया कि कंपनी ने ऋण का भुगतान नहीं किया, वहीं आर्थिक अपराध शाखा ने कहा कि कंपनी ने सुरक्षित फंडिंग पाने के लिए फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किए। आईआरईडीए ने कहा है कि उनकी एग्जामिनेशन एंड रिस्क कमेटी इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और जैसे ही जांच पूरी होगी, रिकवरी और अन्य कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!