देश के मौसम में बड़ा बदलाव, दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश और लू का अलर्ट
दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए मंगलवार, शुक्रवार और शनिवार को येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हल्की बारिश और 15-20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मंगलवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और शाम से बुधवार तक गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। गुरुवार और शुक्रवार को भी हल्की बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
पूर्वोत्तर भारत में अगले पांच दिनों तक असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज के साथ भारी बारिश की संभावना है, जहां 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा, पूर्वी भारत, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में भी 2 मई तक हल्की से मध्यम वर्षा का पूर्वानुमान है।
दक्षिण भारत के राज्यों जैसे कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी अगले सप्ताह बारिश हो सकती है। वहीं, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, सौराष्ट्र, मराठवाड़ा, कच्छ और कराईकल में कुछ स्थानों पर लू चलने की चेतावनी दी गई है। उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में अभी कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा लेकिन अगले चार दिनों में इसमें 2-4 डिग्री की गिरावट हो सकती है।
Share this content:
