April 18, 2026

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की दी शुभकामनाएं, कहा– आपका जीवन करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा

आज 20 जून 2025 को देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू अपना 67वां जन्मदिन मना रही हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत देश के कई शीर्ष नेताओं ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति मुर्मू को शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें ‘देश के करोड़ों लोगों की प्रेरणा’ बताया और कहा कि उनका जीवन सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की मिसाल है।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आधिकारिक संदेश में लिखा, “राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनका जीवन और नेतृत्व देश भर में करोड़ों लोगों को प्रेरित करता है। जनसेवा, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता सभी को हिम्मत देती है और आशा की किरण है।” उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू ने गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए सदैव कार्य किया है और उनके दीर्घायु होने की कामना की।

 

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी अपने संदेश में राष्ट्रपति मुर्मू के जीवन की संघर्ष यात्रा की सराहना की। उन्होंने लिखा, “भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। जमीनी स्तर से सर्वोच्च संवैधानिक पद तक का उनका सफर भारत के लोकतंत्र की मज़बूती को दर्शाता है। सामाजिक न्याय, गरीबों के सशक्तिकरण और समावेशी विकास के प्रति उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता राष्ट्र को प्रेरित करती रहेगी।”

 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति को बधाई देते हुए लिखा, “सेवा और सादगी की प्रतीक, मा. राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई! भगवान श्री जगन्नाथ जी से आपके सुदीर्घ, स्वस्थ व यशस्वी जीवन की प्रार्थना है।”

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वर्ष 2022 में देश की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभाला था। वह भारत की पहली आदिवासी महिला हैं, जो इस सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंची हैं। ओडिशा के मयूरभंज जिले से ताल्लुक रखने वाली मुर्मू एक बेहद साधारण परिवार से आती हैं और उन्होंने झारखंड की राज्यपाल के रूप में भी कार्य किया है। उनका अब तक का सार्वजनिक जीवन संघर्ष, समर्पण और सेवा की मिसाल रहा है, जो न सिर्फ आदिवासी समुदाय बल्कि पूरे देश के लिए एक प्रेरक उदाहरण बन चुका है।

 

देश भर से आम नागरिकों, समाजसेवियों, राजनेताओं और विभिन्न संगठनों की ओर से भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं भेजी जा रही हैं। राष्ट्रपति भवन में इस अवसर पर एक सादे लेकिन गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है।

 

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!