May 5, 2026

एयर इंडिया को DGCA का नोटिस – सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर मांगा जवाब

भारत की प्रमुख एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया पर एक बार फिर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की सख्ती देखने को मिली है। डीजीसीए ने एयर इंडिया को चार कारण बताओ नोटिस (Show-Cause Notice) जारी किए हैं, जो एयरलाइन की कैबिन क्रू ड्यूटी, विश्राम नियमों, ट्रेनिंग प्रोटोकॉल और संचालन प्रक्रियाओं में पाई गई गंभीर खामियों से जुड़े हैं। ये नोटिस एयर इंडिया द्वारा 20 और 21 जून को स्वेच्छा से जमा कराई गई रिपोर्ट के आधार पर 23 जुलाई 2025 को भेजे गए हैं।

पहले तीन नोटिसों में एयर इंडिया की उन फ्लाइट्स का ज़िक्र है जो 27 और 28 अप्रैल तथा 2 मई 2025 को संचालित की गई थीं। इन उड़ानों में क्रू के ड्यूटी आवर्स और आराम के नियमों का उल्लंघन पाया गया। इसके अलावा 26 जुलाई और 9 अक्टूबर 2024, तथा 22 अप्रैल 2025 की उड़ानों में भी ट्रेनिंग और ऑपरेशन प्रक्रिया की अनदेखी की गई थी, जो नियमों के खिलाफ है।

चौथा नोटिस 21 जून को दी गई जानकारी पर आधारित है। इसमें बताया गया है कि 10 और 11 अप्रैल, 16 फरवरी से 19 मई, और 1 दिसंबर 2024 के दौरान संचालित उड़ानों में ट्रेनिंग नियमों और ऑपरेशनल प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। इसके अलावा 24 जून 2024 और 13 जून 2025 की उड़ानों में फ्लाइट ड्यूटी पीरियड और वीकली रेस्ट जैसे अहम मानकों की अवहेलना की गई।

एयर इंडिया ने एक आधिकारिक बयान में इन नोटिसों की पुष्टि की है और कहा है कि ये सभी नोटिस पिछले एक वर्ष में दी गई स्वैच्छिक रिपोर्टिंग से जुड़े हैं। कंपनी ने कहा, “हम नियामक के इन नोटिसों का समय पर जवाब देंगे और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

इस कार्रवाई की पृष्ठभूमि में हाल की लंदन दुर्घटना भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान उड़ान के तुरंत बाद इमारत से टकरा गया था। इस हादसे में 260 लोगों की मौत हुई थी, जिससे डीजीसीए की नजरें एयर इंडिया पर और ज्यादा पैनी हो गई हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!