देवरिया: मानसिक रूप से बीमार महिला से दरिंदगी, आरोपी की तलाश में पुलिस
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव में रहने वाली 45 वर्षीय मानसिक रूप से बीमार महिला के साथ रात में घर में अकेले होने के दौरान दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया।
घर में घुसा आरोपी, चीख-पुकार सुनकर भागा
पीड़िता के घर में गांव का ही प्रवीण यादव आधी रात को घुस आया। जब महिला ने विरोध किया, तो उसने मारपीट कर जबरन दुष्कर्म किया। महिला की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी जाग गए, लेकिन इससे पहले कि कोई उसे पकड़ पाता, आरोपी छत के रास्ते से कूदकर फरार हो गया।
बेटे ने दी पुलिस को सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के बेटे ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने जारी की फोटो, इनाम का ऐलान
देवरिया के एसपी विक्रांत वीर ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। साथ ही, आरोपी की तस्वीर जारी कर जनता से सूचना देने की अपील की गई है। सूचना देने वाले को उचित इनाम दिया जाएगा। पुलिस इस जघन्य अपराध के दोषी को पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
Share this content:
