April 21, 2026

दिल्ली में थार ने दो लोगों को रौंदा, एक की मौत, दूसरा घायल

नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन से करीब 2 किलोमीटर दूर तेज रफ्तार थार गाड़ी ने दो लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। मृतक की लाश कई घंटों तक सड़क पर पड़ी रही।

 

जानकारी के अनुसार, यह घटना चाणक्यपुरी थाना क्षेत्र के 11 मूर्ति रोड पर हुई। पैदल जा रहे एक व्यक्ति को थार ने जोरदार टक्कर मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल दूसरे व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

पुलिस ने थार चालक को मौके से ही हिरासत में ले लिया है। आरोपी 26 वर्षीय युवक अपने दोस्त की थार चला रहा था। पूछताछ में उसने दावा किया कि गाड़ी चलाते समय उसकी आंख लग गई थी। हालांकि, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसने शराब पी रखी थी या नहीं, क्योंकि वाहन से शराब की बोतलें बरामद हुई हैं।

 

फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी की जांच की है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा काफी भयानक था और मृतक की लाश लंबे समय तक सड़क पर पड़ी रही, जिससे राहगीरों में आक्रोश देखा गया।

 

पुलिस ने कहा है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!