डूबने के लिए हो जाएं तैयार! दिल्ली में भारी बारिश को लेकर 6 दिन का अलर्ट, जानिए उत्तर भारत समेत अन्य राज्यों का मौसम हाल
दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून पूरी रफ्तार पकड़ चुका है और राजधानी एक बार फिर जलभराव और ट्रैफिक की मार झेलने के लिए तैयार हो जाए, क्योंकि मौसम विभाग ने अगले छह दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। सोमवार को तेज धूप के बाद शाम ढलते ही अचानक काले बादल छा गए और दिल्ली-नोएडा-गाजियाबाद के कई इलाकों में झमाझम बारिश ने मौसम सुहाना बना दिया। एक ओर लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, तो दूसरी ओर कई क्षेत्रों में पानी भरने से मुश्किलें भी बढ़ गईं।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुककर तेज बारिश जारी रहेगी। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है—जहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री तक जा सकता है। इस बीच दिल्ली ही नहीं, पूरा उत्तर भारत फिलहाल मानसून की मेहरबानी झेल रहा है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में 15 जुलाई को कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि 15 से 20 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 17 जुलाई तक गरज के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।
देश के पूर्वी हिस्सों की बात करें तो पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ में 15 जुलाई को बारिश की चेतावनी है। वहीं, बिहार और मध्य प्रदेश, ओडिशा, अंडमान-निकोबार, और सिक्किम जैसे राज्यों में 18 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। खास बात यह है कि बिहार में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है।
देश के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्से भी बारिश से अछूते नहीं रहेंगे। कोंकण-गोवा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र के घाट इलाकों में अगले पांच दिनों तक बारिश की संभावना है। उत्तर-पूर्वी राज्यों जैसे असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और त्रिपुरा में 15 और 16 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
केरल, माहे, तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में 14 से 20 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में 15 से 19 जुलाई तक भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत के तटीय क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है, जिससे सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
कुल मिलाकर पूरे देश में मॉनसून ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है और अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का दौर बना रहेगा। दिल्ली-एनसीआर के लोगों को जहां गर्मी से राहत जरूर मिली है, वहीं जलभराव और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं से सतर्क रहने की भी जरूरत है।
Share this content:
