दिल्ली की रात में चीखों का सन्नाटा: लड़के ने पहले लड़की को चाकू से गोदा, फिर खुद पर किया वार—क्या था खौफनाक राज़?”
दिल्ली एक बार फिर एक खौफनाक और सनसनीखेज वारदात से दहल उठी है। शहर की सड़कों पर खून बहा, चीखें गूंजीं और फिर हर ओर सन्नाटा फैल गया। राजधानी के दिल्ली कैंट इलाके से रविवार रात एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। एक युवक ने पहले एक युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और फिर खुद पर भी चाकू से हमला कर लिया। दोनों की हालत गंभीर है और फिलहाल अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
यह खौफनाक घटना दिल्ली कैंट के किर्बी पैलेस इलाके की मेन रोड पर रात करीब 11 बजे हुई। पुलिस को घटना की सूचना एक राहगीर ने कॉल कर दी, जिसने लहूलुहान हालत में दोनों को सड़क पर देखा। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गले और पेट पर किए वार, बरामद हुआ चाकू
पुलिस के मुताबिक, 20 वर्षीय युवक अमित, जो कि दिल्ली कैंट इलाके का ही रहने वाला है, ने 19 साल की युवती पर चाकू से कई वार किए। युवती के गले और पेट की बाईं ओर गहरे घाव हैं। हैरान करने वाली बात ये है कि हमले के बाद अमित ने खुद को भी चाकू घोंप लिया। घटनास्थल से पुलिस ने खून से सना चाकू बरामद कर लिया है। डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर बताई है।
क्या था दोनों के बीच रिश्ता?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अमित और युवती पिछले एक साल से दोस्त थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद अमित ने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की तह तक जाने के लिए जांच तेज कर दी है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, सामने आ सकते हैं और भी खुलासे
दिल्ली कैंट थाने में अमित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि अमित ने हत्या की कोशिश जैसा गंभीर कदम उठाया। क्या मामला एकतरफा प्यार का था या किसी दबाव या ब्लैकमेलिंग का नतीजा? पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
इसी बीच मंडावली की वारदात भी आई सामने
दिल्ली की चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। इसी हफ्ते पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके से भी एक और चौंकाने वाली खबर आई, जहां एक ठेकेदार ने मजदूरी मांगने पर एक मजदूर की चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। आरोपी ठेकेदार पिछले कई दिनों से फरार था, जिसे अब पुलिस ने बिहार के गया जिले से गिरफ्तार किया है। मृतक का गुनाह सिर्फ इतना था कि वह अपना मेहनताना मांग रहा था।
राजधानी में लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आए दिन किसी न किसी इलाके से हिंसा, चाकूबाजी या जानलेवा हमलों की खबरें सामने आती हैं। ऐसे में दिल्ली पुलिस के लिए यह चुनौती बन गया है कि इन वारदातों पर लगाम कैसे लगाई जाए।
अब दिल्ली कैंट की इस सनसनीखेज घटना की सच्चाई सामने आने में वक्त लग सकता है, लेकिन यह साफ है कि दिल्ली की रातें अब पहले जितनी शांत और महफूज़ नहीं रहीं। सवाल यही है—आखिर कब थमेगा राजधानी में खून का ये खेल?
Share this content:
