April 21, 2026

लखनऊ: अवैध धर्मांतरण नेटवर्क पर ATS की बड़ी कार्रवाई, ईदुल इस्लाम नागपुर से गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश में अवैध धर्मांतरण के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के तहत एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) को बड़ी सफलता मिली है। एटीएस ने बलरामपुर से संचालित किए जा रहे धर्मांतरण सिंडिकेट के एक सक्रिय सदस्य ईदुल इस्लाम को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।

एटीएस सूत्रों के अनुसार, ईदुल इस्लाम पर काफी समय से निगरानी रखी जा रही थी। लोकेशन ट्रेस होने के बाद एटीएस की टीम ने नागपुर में दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाया जा रहा है, जहां उससे अवैध धर्मांतरण नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।

जांच में सामने आया है कि ईदुल इस्लाम नागपुर में ‘भारत प्रतीकार्थ सेवा संघ’ नाम से एक संगठन चला रहा था, जिसकी आड़ में अवैध धर्मांतरण गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था। इसी संगठन के जरिए उसने छांगुर उर्फ जलालुद्दीन को अवध प्रांत का अध्यक्ष बनाया था, ताकि उत्तर प्रदेश में नेटवर्क को और मजबूत किया जा सके। एटीएस का कहना है कि ईदुल केवल पदाधिकारी नहीं, बल्कि पूरे सिंडिकेट का सक्रिय ऑपरेटर था।

एटीएस थाने में दर्ज मामले में ईदुल इस्लाम के खिलाफ देशद्रोह की साजिश, सांप्रदायिक विद्वेष फैलाने, धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और उत्तर प्रदेश विधि-विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम-2021 जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। एजेंसियों को ईदुल और छांगुर के बीच बैंक लेन-देन के पुख्ता सबूत भी मिले हैं, जिससे नेटवर्क की फंडिंग और संचालन की पुष्टि हुई है।

एटीएस अधिकारियों का मानना है कि ईदुल इस्लाम से पूछताछ के बाद अवैध धर्मांतरण सिंडिकेट की कई अहम कड़ियां सामने आ सकती हैं। इस गिरफ्तारी को छांगुर उर्फ जलालुद्दीन गिरोह पर बड़ी चोट माना जा रहा है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!