फर्जी दस्तावेजों के जरिए भारतीय पासपोर्ट बनवाकर दुबई जाने वाला नेपाली नागरिक गिरफ्तार: एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच में कैसे पकड़ा

लखनऊ। सरोजनीनगर पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट बनवाकर विदेश यात्रा करने के आरोप में एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिलीप कुमार के रूप में हुई है, जबकि जांच में उसका वास्तविक नाम दिनेश खड़का और मूल निवास नेपाल का होना सामने आया है। आरोपी दुबई से लखनऊ लौटने के दौरान एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच में पकड़ा गया।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस आयुक्त लखनऊ तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) मो. मुश्ताक के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) रल्लापल्ली वसंथ कुमार के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर लक्ष्मण वर्मा के मार्गदर्शन में कार्यवाहक निरीक्षक सरोजनीनगर अजय पाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच और कार्रवाई की।

दुबई से लौटने पर इमिग्रेशन जांच में खुला मामला

पुलिस के अनुसार 28 अक्टूबर को लखनऊ एयरपोर्ट के कनिष्ठ इमिग्रेशन अधिकारी नागेंदर कुमार सिंह ने थाना सरोजनीनगर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि दुबई से लखनऊ पहुंची फ्लाइट के यात्री दिलीप कुमार पर संदेह होने के बाद उसकी जांच की गई। इस दौरान उसके पास से नेपाल का नागरिकता प्रमाण पत्र और पैन कार्ड बरामद हुआ।

दस्तावेजों में उसका वास्तविक नाम दिनेश खड़का पुत्र नरबहादुर खड़का, निवासी वार्ड नंबर-10, लम्की चूहा पालिका, जिला कैलाली, नेपाल दर्ज मिला। आरोप है कि उसने अपनी नेपाली नागरिकता छिपाकर और पहचान बदलकर कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कराए तथा भारतीय पते के आधार पर भारतीय पासपोर्ट हासिल कर लिया।

फरवरी 2026 में भारतीय पासपोर्ट से गया था दुबई

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह मूल रूप से नेपाल का निवासी है। उसने ऑनलाइन गैंबलिंग (सट्टेबाजी) से जुड़े मामले में अपने खिलाफ अभियोग दर्ज होने की बात भी कही। आरोपी के अनुसार, उसने कूटरचित दस्तावेजों के जरिए भारतीय पते का आधार कार्ड और अन्य कागजात तैयार कराए, जिसके आधार पर भारतीय पासपोर्ट प्राप्त किया। इसके बाद वह फरवरी 2026 में इसी पासपोर्ट से दुबई चला गया था। वापस लौटने पर लखनऊ एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच के दौरान उसकी पहचान उजागर हो गई।

पासपोर्ट अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज

इमिग्रेशन अधिकारी की तहरीर के आधार पर थाना सरोजनीनगर में मुकदमा संख्या 410/2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 337, 339 और 340(2), पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12(1)(ख) तथा आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम की धारा 22 के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अवनीश कुमार वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलीप कुमार पुत्र नरेश कुमार, निवासी सुथना बरसोला, पोस्ट तिकोनिया, जिला लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश के रूप में दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, उसका वास्तविक नाम दिनेश खड़का पुत्र नरबहादुर खड़का है और वह मूल रूप से जिला कैलाली, नेपाल का निवासी है।

Share this content:

About The Author

You may have missed