April 25, 2026

लखनऊ में रिकवरी एजेंट की सिर कूचकर हत्या, ऑफिस में मिला खून से लथपथ शव

लखनऊ के बंथरा इलाके के दादूपुर गांव में सोमवार रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां प्रॉपर्टी डीलर और लोन रिकवरी एजेंसी चलाने वाले विवेक सिंह के ऑफिस में काम करने वाले रिकवरी एजेंट कुनाल शुक्ला (32) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक अयोध्या का रहने वाला था और पिछले चार वर्षों से अपने परिवार के साथ दादूपुर गांव में रह रहा था। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, कुनाल सोमवार रात विवेक सिंह के ऑफिस में ही रुका हुआ था। सुबह करीब 7:30 बजे जब सफाई करने वाली महिला संगम थारू ऑफिस पहुंची तो दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाने पर उसने देखा कि बेड पर कुनाल का शव खून से लथपथ पड़ा है। उसके सिर पर गंभीर चोटें थीं और आंखें भी फोड़ दी गई थीं। खून के छींटे छत तक फैले हुए थे। घबराई महिला ने तुरंत बाहर जाकर लोगों को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि हमलावर वारदात के बाद ऑफिस से CCTV कैमरे और DVR भी उखाड़ ले गए, ताकि कोई सबूत न मिल सके। वहीं, मृतक का मोबाइल फोन भी गायब है। छानबीन के दौरान पुलिस को ऑफिस के पास बने खेत से एक लोहे की रॉड बरामद हुई है, जिससे कुनाल की हत्या किए जाने का शक है। मृतक के भाई सौरभ ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं और शक की सुई कुछ करीबी लोगों पर गई है। अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) दक्षिण आर. वसंथ कुमार और सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर विकास पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। उनका कहना है कि जल्द ही इस जघन्य हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा।

कुनाल शुक्ला अयोध्या के धनुआपुर निवासी थे और अपने बड़े भाई सौरभ तथा मां सुधा शुक्ला के साथ दादूपुर में रहते थे। पिता अशोक शुक्ला परिवहन विभाग में रोडवेज बस के परिचालक हैं। कुनाल बीते कुछ सालों से प्रॉपर्टी डीलर विवेक सिंह के साथ जुड़े थे और अकसर उनके ऑफिस में ही रुकते थे। परिवार और गांव वालों का कहना है कि उनकी किसी से कोई बड़ी दुश्मनी नहीं थी, लेकिन हत्या की बर्बरता देखकर साफ है कि साजिश के तहत यह वारदात की गई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!