मथुरा: प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, कोर्ट ने पत्नी की जमानत याचिका की खारिज
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से सामने आए एक सनसनीखेज मामले में पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम भी दिया। आरोपी महिला ने पति को रास्ते से हटाने के लिए आठ लाख रुपये की सुपारी दी थी। अब जिला एवं सत्र न्यायालय ने महिला की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है।
घटना मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र के सौंख रोड स्थित नगला माना गांव की है। 22 नवंबर की रात दो युवक उमेश नामक व्यक्ति के घर में घुसे और उसे गोली मार दी। जांच में सामने आया कि उमेश की पत्नी नेहा का पवन नामक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब उमेश को इस रिश्ते की भनक लगी तो उसने विरोध किया, जिससे दोनों के बीच लगातार झगड़े होने लगे।
नेहा और उसके प्रेमी पवन ने उमेश की हत्या की योजना बनाई और फरह के मेघपुर निवासी अजय और बरसाना निवासी कुनाल को आठ लाख रुपये की सुपारी दी। हत्या से पहले नेहा मायके चली गई और मोबाइल के जरिए पति की लोकेशन हमलावरों को देती रही। 25 नवंबर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अजय और कुनाल को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में दोनों ने नेहा और पवन की संलिप्तता का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। नेहा ने 17 जून को कोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी, जिसे अदालत ने अब खारिज कर दिया है।
Share this content:
