मुज़फ्फरनगर: जहरीली कॉफी से पति को मारने की साजिश, पत्नी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के मुज़फ्फरनगर जिले के खतौली थाना क्षेत्र स्थित भंगेला गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी के आपसी विवाद ने एक गंभीर मोड़ ले लिया। पत्नी ने अपने पति को जहरीली कॉफी पिलाकर उसकी हत्या करने की कोशिश की। जैसे ही पति अनुज शर्मा की तबीयत बिगड़ी, परिवारवालों ने उसे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी पिंकी उर्फ सना के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद से ही विवादों में था रिश्ता
पीड़ित अनुज शर्मा की बहन मीनाक्षी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दो साल पहले अनुज की शादी गाजियाबाद के फरूकनगर निवासी पिंकी उर्फ सना से हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद दोनों के बीच तनाव बढ़ने लगा और घर में लगातार विवाद होने लगे। परिवारवालों का आरोप है कि पिंकी ससुराल पक्ष के लोगों को मानसिक रूप से परेशान कर रही थी।
जहरीली कॉफी से मारने की कोशिश
25 मार्च की रात पिंकी ने अनुज को जहरीली कॉफी पिलाई, जिसके तुरंत बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने तुरंत उसे खतौली के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, अनुज की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है और वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
पति के किसी और से बात करने पर था विवाद
परिवार के अनुसार, अनुज अपनी पत्नी को किसी अन्य युवक से बातचीत करने से रोकता था, लेकिन पिंकी इसे नजरअंदाज करती थी। इसी वजह से दोनों के बीच लगातार झगड़े होते थे और घरेलू कलह बढ़ती जा रही थी। परिवार को शक है कि इसी कारण पिंकी ने अनुज को जहर देकर मारने की साजिश रची।
बहन ने खोले भाभी के अफेयर के राज
अस्पताल में भर्ती अनुज की बहन पूनम ने अपनी भाभी पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि पिंकी शादी के बाद भी किसी अन्य युवक के साथ रिश्ते में थी। पूनम ने पुलिस को सबूत के तौर पर पिंकी की कॉल रिकॉर्डिंग और मनाली ट्रिप से जुड़े प्रमाण भी सौंपे हैं। परिवार का दावा है कि पिंकी का अफेयर ही इस पूरी घटना की मुख्य वजह बना।
पुलिस कर रही जांच, आरोपी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज
सीओ खतौली राम आशीष यादव ने बताया कि आरोपी पिंकी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहराई से जांच जारी है। पुलिस सभी एंगल से इस मामले की पड़ताल कर रही है। उधर, अनुज की स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है और उसके परिवार ने आरोपी पत्नी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह घटना एक बार फिर से पारिवारिक कलह, अविश्वास और आपसी संदेह की भयावह सच्चाई को सामने लाती है। पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।
Share this content:
