इंस्टाग्राम की दोस्ती से दरिंदगी तक: प्यार का दिखावा, फिर ब्लैकमेल और हवस की हैवानियत
गढ़चिरौली जिले के अहेरी शहर में एक युवती के साथ जो हुआ, वह एक खौफनाक साजिश की तरह सामने आया। शुरूआत इंस्टाग्राम की एक साधारण दोस्ती से हुई, लेकिन इसका अंजाम मानसिक, भावनात्मक और शारीरिक शोषण में तब्दील हो गया।
22 वर्षीय शाहनवाज मलिक, जो उत्तर प्रदेश के मेरठ का रहने वाला है, उसने जून 2023 में अहेरी की युवती से इंस्टाग्राम पर संपर्क साधा। ऑनलाइन बातचीत ने दोस्ती का रूप लिया और फिर वह युवक सेंटरिंग के काम के बहाने अहेरी पहुंच गया। 11 जून को पहली मुलाकात हुई और जुलाई में युवती को अपने कमरे में बुलाकर आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
ब्लैकमेलिंग और बार-बार दुष्कर्म
पहली बार संबंध बनाने के दौरान आरोपी ने युवती की तस्वीरें और वीडियो बना लीं, जो बाद में उसके लिए हथियार बन गए। शाहनवाज ने युवती को बार-बार बुलाया, ब्लैकमेल किया और धमकाते हुए कहा कि अगर उसने विरोध किया, तो वह उसकी तस्वीरें और वीडियो वायरल कर देगा। एक बार वीडियो कॉल में उसने युवती को कपड़े उतारने के लिए मजबूर करने की कोशिश भी की।
जब युवती ने बताया कि उसका रिश्ता तय होने वाला है, तो आरोपी ने कहा कि वह उसकी शादी किसी और से नहीं होने देगा। इसके बाद उसने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर आपत्तिजनक वीडियो अपलोड कर युवती को बदनाम करने की कोशिश की।
दिल्ली से गिरफ्तारी, पुलिस हिरासत में आरोपी
पीड़िता की शिकायत पर अहेरी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शाहनवाज मलिक को दिल्ली से गिरफ्तार किया और उसे कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को 21 अप्रैल 2025 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच अहेरी पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर स्वप्निल एज्जापवार कर रहे हैं।
सिर्फ एक मामला नहीं
यह पहली घटना नहीं है। आठ महीने पहले भी अहेरी में ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जिसमें एक नासिक निवासी युवक ने सोशल मीडिया के जरिए युवती से दोस्ती कर मुलाकात के दौरान उसके साथ दुराचार किया था। वह आरोपी फिलहाल जेल में सजा काट रहा है।
सवाल खड़े करती ये घटनाएं
इन मामलों ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर बनती झूठी पहचान और भरोसे के नाम पर होने वाली शोषण की घटनाओं को उजागर किया है। अब वक्त है सतर्क रहने का—क्योंकि एक ‘फॉलो बैक’ कभी-कभी जीवन की सबसे बड़ी भूल बन सकता है।
Share this content:
