17 छक्के, 1 ओवर में 45 रन और 28 गेंदों में शतक: अफगान बल्लेबाज उस्मान गनी का विश्व रिकॉर्ड
क्रिकेट के मैदान पर इतिहास तब रच दिया गया जब अफगानिस्तान के ओपनर उस्मान गनी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी से एक ओवर में 45 रन ठोक दिए। यह कारनामा उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में नहीं, बल्कि इंग्लैंड में चल रही ECS T10 लीग में किया, लेकिन प्रदर्शन इतना जबरदस्त था कि अब यह पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन गया है।
लंदन काउंटी की ओर से खेलते हुए उस्मान गनी ने गिल्डफोर्ड के खिलाफ सिर्फ 28 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। उनकी इस धुआंधार पारी में कुल 17 छक्के और 11 चौके शामिल थे। गनी ने 43 गेंदों में नाबाद 153 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 355.81 रहा। इस पारी के दम पर लंदन काउंटी ने 10 ओवर में बिना विकेट गंवाए 226 रन बना डाले।
सबसे हैरान करने वाली बात रही एक ओवर में बनाए गए 45 रन। ये कारनामा उस्मान गनी ने विल जर्नी नामक गेंदबाज के खिलाफ किया। इस ओवर में उन्होंने 5 छक्के, 3 चौके, और नो बॉल और वाइड के रन मिलाकर कुल 45 रन जोड़े। विल जर्नी के नाम अब T10 लीग में सबसे महंगा ओवर फेंकने का शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
उस्मान गनी की आतिशी बल्लेबाज़ी के सामने गिल्डफोर्ड की टीम पूरी तरह बिखर गई। 227 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने 10 ओवर में सिर्फ 155 रन ही बना पाए और मैच 71 रन से हार गए।
28 वर्षीय उस्मान गनी ने इस पारी से साबित कर दिया कि टी20 और टी10 जैसे फॉर्मेट में उनकी धमाकेदार मौजूदगी किसी भी टीम के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकती है। अब देखने वाली बात होगी कि इस रिकॉर्ड को कोई तोड़ पाता है या यह लंबे समय तक गनी के नाम ही बना रहता है।
Share this content:
